यूएई ने घायल फिलिस्तीनी बच्चों, कैंसर रोगियों के 8वें समूह का स्वागत किया

अबू धाबी, 5 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) – यूएई के अस्पतालों में गाजा पट्टी के 1,000 घायल बच्चों और 1,000 कैंसर रोगियों को चिकित्सा उपचार प्रदान करने के राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान के निर्देशों के कार्यान्वयन में घायल फिलिस्तीनी बच्चों और कैंसर रोगियों का आठवां समूह शुक्रवार को यूएई पहुंचा।

एल अरिश इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रस्थान करते हुए विमान अबू धाबी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा, जिसमें चिकित्सा सहायता की तत्काल आवश्यकता वाले 28 फिलिस्तीनियों को उनके परिवार के 35 सदस्यों के साथ लाया गया।

अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) विमान के साथ गई और उनके आगमन पर फिलिस्तीनी परिवारों से बात की। उन्होंने फिलिस्तीनी लोगों की तत्काल मानवीय जरूरतों के जवाब में यूएई के "अनूठे मॉडल" की प्रशंसा की, जिसमें उनकी पीड़ा को कम करने के लिए मानवीय और चिकित्सा सहायता दोनों प्रदान करने में देश की व्यापक पहल पर प्रकाश डाला गया।

उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए यूएई को हार्दिक धन्यवाद दिया और प्रशंसा व्यक्त की। यूएई के अस्पताल देश के प्रज्ञ नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप घायलों और कैंसर रोगियों के लिए उच्चतम स्तर की स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करते हैं।

संकट की शुरुआत के बाद से यूएई गाजा का एक दृढ़ सहायक रहा है, जिसने गाजा पट्टी में फिलिस्तीनी लोगों को मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए 5 नवंबर, 2023 को ऑपरेशन "गैलेंट नाइट 3" शुरू किया था।

संयुक्त अरब अमीरात ने फिलिस्तीनी लोगों को भोजन, मानवीय और आपातकालीन चिकित्सा सहायता के निरंतर प्रवाह के माध्यम से संकट के प्रति अपनी मानवीय प्रतिक्रिया को मजबूत किया है।

देश ने गाजा में 150 बिस्तरों वाला एक फील्ड अस्पताल स्थापित किया, जहां 100 से अधिक प्रमुख और महत्वपूर्ण सर्जरी की गई हैं।

"गैलेंट नाइट 3" ऑपरेशन के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार, 4 जनवरी तक यूएई के अस्पतालों में फिलिस्तीनी बच्चों और कैंसर रोगियों के 395 मामले आए हैं, जबकि गाजा में यूएई फील्ड अस्पताल में प्राप्त मामलों की कुल संख्या 1,098 मामलों तक पहुंच गई है।

यूएई ने गाजा में गंभीर जल बुनियादी ढांचे की स्थिति को संबोधित करने और फिलिस्तीनी लोगों की सुरक्षित पेयजल तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मिस्र के राफा में छह अलवणीकरण संयंत्र भी लॉन्च किए। संयंत्र प्रति दिन लगभग 1.2 मिलियन गैलन अलवणीकृत करने का काम करते हैं और उन्हें गाजा तक फैले पाइपों के माध्यम से पंप करते हैं।

अनुवाद - पी मिश्र.