वाशिंगटन, 9 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- विश्व बैंक को उम्मीद है कि यूएई की वास्तविक GDP 2023 में 3.4 फीसदी बढ़ेगी, जो 2024 में 3.7 फीसदी और 2025 में 3.8 फीसदी हो जाएगी।
आज जारी ग्लोबल इकोनॉमिक प्रॉस्पेक्ट्स रिपोर्ट के अनुसार, विश्व बैंक ने पिछले साल की मजबूत गैर-तेल क्षेत्र गतिविधि को ध्यान में रखते हुए खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) देशों की वृद्धि 2024 में 3.6 फीसदी और 2025 में 3.8 फीसदी होने का अनुमान लगाया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका (MENA) क्षेत्र में विकास दर 2023 में तेजी से धीमी होकर 1.9 फीसदी हो गई। इस क्षेत्र को तेल उत्पादन में कटौती, बढ़ी हुई मुद्रास्फीति और तेल आयात करने वाली अर्थव्यवस्थाओं में निजी क्षेत्र की कमजोर गतिविधि सहित कई बाधाओं का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट में 2024 और 2025 में MENA क्षेत्र में विकास दर 3.5 फीसदी तक पहुंचने की भी उम्मीद है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि तेल आयातकों की वृद्धि भी पिछले साल कुछ हद तक धीमी रही, जो निजी क्षेत्र की कमजोर गतिविधि को दर्शाती है। इस साल विकास दर बढ़कर 3.2 फीसदी और 2025 में 3.7 फीसदी होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब की विकास दर इस साल 4.1 फीसदी बढ़ने का अनुमान है, जो अगले साल बढ़कर 4.2 फीसदी हो जाएगी, जबकि कुवैती अर्थव्यवस्था इस साल के अंत तक 2.6 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है, जो अगले साल बढ़कर 2.7 फीसदी हो जाएगी। बहरीन की अर्थव्यवस्था 2024 में 3.3 फीसदी और 2025 में 3.2 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है।
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि कतर की अर्थव्यवस्था इस साल 2.5 फीसदी बढ़ेगी, जो अगले साल बढ़कर 3.1 फीसदी हो जाएगी, जबकि ओमान की अर्थव्यवस्था 2024 में 2.7 फीसदी और 2025 में 2.9 फीसदी बढ़ने का अनुमान है।
अनुवाद - पी मिश्र.