मोहम्मद बिन राशिद ने 'वर्ल्ड्स कूलेस्ट विंटर कैंपेन' का चौथा सीजन लॉन्च किया

दुबई, 9 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 2020 में शुरू की गई यूएई की घरेलू पर्यटन रणनीति के अनुरूप पर्यटन क्षेत्र को और अधिक सहयोग देने के लिए आज "वर्ल्ड्स कूलेस्ट विंटर कैंपेन" के चौथे सीजन की शुरुआत की।

हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद ने कहा, “आज यूएई ने वार्षिक राष्ट्रीय पर्यटन अभियान 'वर्ल्ड्स कूलेस्ट विंटर कैंपेन' का एक नया सीजन लॉन्च किया है। यूएई अपने खूबसूरत मौसम, प्राकृतिक संसाधनों, वास्तुशिल्प खजाने, सांस्कृतिक स्थलों और सबसे ऊपर अपने दयालु और मेहमाननवाज लोगों के कारण बढ़ते पर्यटक प्रवाह को देख रहा है।"

हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद ने कहा, “राष्ट्रीय पर्यटन क्षेत्र में वार्षिक वृद्धि देखी जा रही है। हमारा लक्ष्य 2031 तक GPD में क्षेत्र के योगदान को 450 बिलियन दिरहम तक बढ़ाना है।"

"वर्ल्ड्स कूलेस्ट विंटर कैंपेन" इस साल "अविस्मरणीय कहानियाँ" के तहत आता है और इसमें विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियाँ शामिल हैं। अभियान का उद्देश्य यूएई में सर्दियों के मौसम की सुंदरता और इसके पर्यटन खजाने का आनंद लेने के लिए दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करने के अलावा पूरे यूएई में घरेलू पर्यटन का सहयोग करना है।

सकारात्मक नतीजे

अपने तीसरे सीजन में अभियान ने सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए और पर्यटकों की संख्या दूसरे संस्करण की तुलना में 8 फीसदी की वृद्धि के साथ 1.4 मिलियन तक पहुंच गई। अभियान की सामग्री दुनिया भर में 190 मिलियन लोगों तक पहुंची, इस बीच व्यूज की संख्या 159 मिलियन थी।

"वर्ल्ड्स कूलेस्ट विंटर कैंपेन" का उद्देश्य आयोजन और गतिविधियों से भरे एजेंडे के साथ विजिटर्स को पूर्ण सहयोग प्रदान करने के अलावा देश के प्रत्येक अमीरात में प्रमुख पर्यटन आकर्षणों को उजागर करना है।

पर्यटन परिणाम

अर्थव्यवस्था मंत्री और अमीरात पर्यटन परिषद के अध्यक्ष अब्दुल्ला बिन तौक अल मैरिज ने कहा, "'वर्ल्ड्स कूलेस्ट विंटर कैंपेन' इनबाउंड और आउटबाउंड पर्यटन क्षेत्रों को और अधिक सहयोग देने और क्षेत्रीय व वैश्विक स्तर पर शीर्ष पर्यटन स्थल के रूप में यूएई की स्थिति को मजबूत करने के लिए और अधिक उपलब्धियां हासिल करने के लिए पूरे देश में किए गए प्रयासों में योगदान देता है।”

उन्होंने कहा, "यूएई पर्यटन क्षेत्र में उच्च प्रदर्शन देखा गया और यह कई अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजारों से बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम रहा।"

यूएई पर्यटन क्षेत्र ने आशाजनक प्रदर्शन हासिल किया। जनवरी से सितंबर 2023 तक होटल प्रतिष्ठानों का राजस्व बढ़कर एईडी32.2 बिलियन हो गया, जो 2022 की इसी अवधि की तुलना में 27 फीसदी की वृद्धि दर है। इसी अवधि के दौरान होटल प्रतिष्ठानों में मेहमानों की संख्या 20.2 मिलियन मेहमानों तक पहुंच गई, जो 2022 की समान अवधि की तुलना में 12 फीसदी की वृद्धि है। पिछले साल के पहले 9 महीनों के दौरान होटल अधिभोग दर 75 फीसदी तक पहुंच गई, जो 2022 की इसी अवधि की तुलना में 6 फीसदी की वृद्धि दर है।

विविध पर्यटन उत्पाद

यूएई विविध पर्यटन उत्पाद पेश करता है। प्राकृतिक स्थलों, मरूद्यानों और पहाड़ों के कारण इको-पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है जो सर्दियों में हरे-भरे स्वर्ग में बदल जाते हैं। यह देश रेगिस्तानी पर्यटन के लिए भी प्रसिद्ध है, जो पर्यटकों को रेगिस्तान में सफारी यात्राओं जैसी कई मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर प्रदान करता है।

सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन क्षेत्र को विभिन्न ऐतिहासिक और विरासत स्थलों और संग्रहालयों से लाभ होता है। समुद्र तट पर्यटन क्षेत्र में भी तेजी देखी जा रही है।

यूएई के पहाड़ चढ़ाई, लंबी पैदल यात्रा और माउंटेन बाइकिंग जैसे व्यापक विकल्प प्रदान करते हैं। गोताखोरी और स्काइडाइविंग जैसे साहसिक पर्यटन भी तेजी से बढ़ रहे हैं।

अनुवाद - पी मिश्र.