अहमदाबाद, 9 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूएई और भारत के बीच मजबूत ऐतिहासिक संबंधों पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की।
दोनों नेताओं ने अपनी व्यापक रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी के तहत दोनों देशों और उनके लोगों की प्रगति और समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए इन संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों की खोज की।
यह बैठक गुजरात राज्य के अहमदाबाद में हुई, जहां हिज हाइनेस और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल का पहले प्रधानमंत्री मोदी ने स्वागत किया।
वार्ता के दौरान, दोनों देशों ने विशेष रूप से अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, जलवायु कार्रवाई और सतत विकास के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों के दायरे को बढ़ाने के लिए अपनी पारस्परिक प्रतिबद्धता पर जोर दिया। वे अपनी विकासात्मक साझेदारियों के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए सभी उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने पर भी सहमत हुए।
हिज हाइनेस और भारतीय प्रधानमंत्री ने आपसी हित के कई क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की और बातचीत व समझ के माध्यम से शांति, सहयोग, स्थिरता और संघर्षों के समाधान को बढ़ावा देने वाले सभी प्रयासों के लिए अपने सहयोग को रेखांकित किया। उन्होंने साझा चुनौतियों से निपटने और दुनिया भर में सभी लोगों की भलाई और समृद्धि में तेजी लाने के लिए सामूहिक अंतर्राष्ट्रीय कार्रवाई के महत्व को दोहराया।
बातचीत में कब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्रों के घटनाक्रम पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने गाजा पट्टी में युद्धविराम की दिशा में काम करने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्याप्त, सुरक्षित और स्थायी मानवीय सहायता प्रदान करने की आवश्यकता की पुष्टि की। इसके अतिरिक्त उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को खतरे में डालने वाले संघर्ष को बढ़ने से रोकने के महत्व और क्षेत्र में स्थायी और व्यापक शांति का मार्ग खोजने की आवश्यकता पर बल दिया।
हिज हाइनेस ने भारतीय प्रधानमंत्री से दोबारा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की और गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्य के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने भारत और उसके लोगों को सफलताओं और उपलब्धियों से भरे एक खुशहाल साल की शुभकामनाएं दीं और 26 जनवरी को भारत के आगामी गणतंत्र दिवस पर बधाई दी।
हिज हाइनेस ने कहा कि यूएई और भारत के बीच संबंध न केवल ऐतिहासिक और अच्छी तरह से स्थापित हैं, बल्कि आपसी हितों और रणनीतिक साझेदारी के आधार पर संबंधों को विकसित करने के लिए एक मॉडल के रूप में भी काम करते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देश अपनी व्यापक आर्थिक साझेदारी के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सही रास्ते पर हैं।
हिज हाइनेस ने यूएई की स्थिति को भारतीय व्यवसायों और निवेशों के लिए एक अच्छी तरह से स्थापित केंद्र के रूप में संदर्भित किया और मध्य पूर्व और उससे आगे के लिए एक प्रवेश द्वार के रूप में नए बाजारों का पता लगाने और आर्थिक और व्यापार संबंधों का विस्तार करने के लिए विविध अवसर प्रस्तुत किए।
हिज हाइनेस शेख मोहम्मद ने इस बात पर भी चर्चा किया कि कैसे यूएई और भारत साझा वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने के लिए G20 और BRICS जैसे विभिन्न बहुपक्षीय ढांचे के भीतर सक्रिय रूप से सहयोग करते हैं। उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री से दोहराया कि यूएई दुनिया के लोगों के लिए पारस्परिक लाभ और प्रगति हासिल करने के लिए साझेदारी बनाने और सहयोग के पुल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रपति ने जलवायु कार्रवाई के क्षेत्र में यूएई और भारत के बीच चल रहे और उपयोगी सहयोग पर प्रकाश डाला। हिज हाइनेस ने दिसंबर में यूएई में आयोजित COP28 जलवायु सम्मेलन में उनकी उपस्थिति के लिए और इस आयोजन के महत्वपूर्ण परिणामों में उनके योगदान के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया, जिसका उद्देश्य पूरी मानवता को लाभ पहुंचाना है।
नरेंद्र मोदी ने यूएई-भारत संबंधों को मजबूत करने में उनके सहयोग के लिए हिज हाइनेस को धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने इन संबंधों को और विकसित करने और विस्तारित करने, भविष्य में इन्हें बढ़ावा देने और उन्नत करने के कई अवसरों का लाभ उठाने के लिए अपने देश के समर्पण की पुष्टि की।
भारतीय प्रधानमंत्री ने हिज हाइनेस की यात्रा के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। चर्चा और रात्रिभोज में उनके साथ आए यूएई के प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया, जिसमें अबू धाबी के उप शासक और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हिज हाइनेस शेख तहनून बिन जायद अल नहयान; विदेश मंत्री हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान; राष्ट्रपति न्यायालय में विशेष मामलों के सलाहकार शेख मोहम्मद बिन हमद बिन तहनून अल नहयान; हिज हाइनेस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान; राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सर्वोच्च परिषद के महासचिव अली बिन हम्माद अल शम्सी; यूएई के राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार डॉ. अनवर गर्गश; निवेश मंत्री मोहम्मद हसन अल सुवेदी; विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जायोदी; अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री रीम बिन्त इब्राहिम अल हाशिमी; कार्यकारी मामलों के प्राधिकरण के अध्यक्ष और अबू धाबी कार्यकारी परिषद के सदस्य खलदौन खलीफा अल मुबारक; वित्त विभाग के अध्यक्ष और अबू धाबी कार्यकारी परिषद के सदस्य जसीम मोहम्मद बू अताबा अल जाबी; आर्थिक और व्यापार मामलों के सहायक विदेश मंत्री सईद मुबारक अल हजेरी और भारत में यूएई के राजदूत डॉ. अब्दुल नासिर अल शाली के साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे।
अनुवाद - पी मिश्र.