दुबई, 22 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ग्लोबल इनिशिएटिव्स की छत्रछाया में आने वाला यूएई फूड बैंक ने 2023 के लिए अपने वार्षिक परिणामों की घोषणा की, जिसमें प्रभावशाली कार्यक्रमों और पहलों पर प्रकाश डाला गया, जिससे दुनिया भर में 18.6 मिलियन से अधिक लोगों को लाभ हुआ।
जरूरतमंद लोगों को अधिशेष भोजन वितरित करने और भोजन की बर्बादी को कम करने के लक्ष्य के साथ स्थापित यूएई फूड बैंक को 2023 में स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय दान और खाद्य प्रतिष्ठानों सहित 800 दानदाताओं से सहयोग प्राप्त हुआ। उसी साल बैंक ने 105 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए, जिसमें लगभग 9,843 प्रतिभागियों और 1,800 स्वयंसेवकों को शामिल किया गया।
इसके अलावा यूएई फूड बैंक के वार्षिक परिणामों से पता चला है कि उसे लगभग एईडी 14.7 मिलियन का फंड प्राप्त हुआ और उसने लैंडफिल से 6,000 टन भोजन हटाकर एक महत्वपूर्ण सकारात्मक पर्यावरणीय प्रभाव डाला। 2027 तक भोजन की बर्बादी में 30 फीसदी की कमी लाने के अपने लक्ष्य के अनुरूप इन प्रयासों ने पर्यावरण प्रदूषण और खाद्य बर्बादी से जुड़े उत्सर्जन को कम करने में योगदान दिया।
यूएई फूड बैंक के न्यासी बोर्ड के उपाध्यक्ष दाऊद अल हाजरी ने कहा कि कहा कि बैंक के 2023 के नतीजे उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की पत्नी और यूएई फूड बैंक के न्यासी बोर्ड के अध्यक्ष हर हाइनेस शेखा हिन्द बिंत मकतूम बिन जुमा अल मकतूम के निर्देशों और अनुसरण का एक प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि बैंक का मिशन अधिशेष भोजन को कुशलतापूर्वक प्रबंधित करके और अपशिष्ट को कम करके, संगठित और स्थायी सिद्धांतों का पालन करके और दुनिया भर में लाभार्थियों को उच्चतम गुणवत्ता वितरण सुनिश्चित करके लाभार्थियों को भोजन प्रदान करना है।
यूएई फूड बैंक की कार्यकारी टीम के प्रमुख मनाल बिन यारूफ ने इस बात पर प्रकाश डाला कि 2023 के परिणाम निर्धारित लक्ष्यों के प्रदर्शन संकेतकों से 100 फीसदी अधिक हैं। बैंक ने 12 मिलियन भोजन के लक्ष्य से अधिक 18.6 मिलियन से अधिक भोजन वितरित किया। इसके अतिरिक्त 1,800 स्वयंसेवकों की भागीदारी के साथ बैंक की पहल और गतिविधियों में भाग लेने वाले स्वयंसेवकों का प्रतिशत 100 फीसदी से अधिक हो गया।
पूरे साल के दौरान, फूड बैंक ने विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ एकत्र किए, जिनमें फल और सब्जियां, तैयार भोजन, चावल, गेहूं और इसके व्युत्पन्न, पास्ता, मांस, डेयरी उत्पाद, पनीर उत्पाद, अन्य किराना सामान, चॉकलेट और जल शामिल थे।
उसी साल के दौरान, यूएई फूड बैंक मानवीय कार्य, दान, स्थिरता और पर्यावरण पर ध्यान देने के साथ कई स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों में शामिल हुआ। बैंक ने ग्रेस प्रिजर्वेशन फर्स्ट ग्लोबल कॉन्फ्रेंस में एक स्वर्णिम भागीदार के रूप में कार्य किया और संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP28), गल्फ फूड प्रदर्शनी (Gulfood), दुबई अंतर्राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा सम्मेलन और खाद्य उद्योग मंच जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में भाग लिया।
यूएई फूड बैंक की पहलों और कार्यक्रमों की व्यापक श्रृंखला ने इसे वैश्विक स्तर पर मानवीय गतिविधियों में एक प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में स्थापित किया है। साझेदारों के साथ सहयोग करते हुए बैंक सक्रिय रूप से कई मानवीय परियोजनाओं और पहलों में लगा हुआ है, जिसका लक्ष्य दुनिया भर में जरूरतमंद व्यक्तियों को राहत और सहायता प्रदान करना है।
अनुवाद - पी मिश्र.