अबू धाबी, 25 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- ऊर्जा और बुनियादी ढांचा मंत्री सुहैल मोहम्मद अल मजरूई ने पर्यावरणीय स्थिरता प्राप्त करने की दिशा में बढ़ते वैश्विक प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने नई रणनीतियों और पर्याप्त निवेशों के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा में यूएई के उत्कृष्ट वैश्विक प्रयासों पर प्रकाश डाला, जिससे स्थायी ऊर्जा के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में इसकी स्थिति मजबूत हुई।
मंत्री अल मजरूई की टिप्पणी हर साल 26 जनवरी को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छ ऊर्जा दिवस पर की गई थी। यह दिन 2009 में अंतर्राष्ट्रीय नवीकरणीय ऊर्जा एजेंसी (IRENA) की स्थापना की याद दिलाता है, जो यूएई और पनामा द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया गया था और बाद में संयुक्त राष्ट्र द्वारा अपनाया गया था।
उन्होंने कहा, "इस दिन हम एक स्थायी भविष्य के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। ऊर्जा परिदृश्य में एक वैश्विक लीडर के रूप में यूएई अपनी स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं पर विस्तार करना जारी रखेगा।"
"COP28 की शानदार सफलता स्वच्छ ऊर्जा से प्रेरित भविष्य को आकार देने में यूएई की अग्रणी भूमिका को दर्शाती है। COP28 ने अपने वादे पूरे किए और यूएई भी ऐसा ही करेगा। हम अपनी महत्वाकांक्षी जलवायु प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए लगन से काम करना जारी रखेंगे।"
उन्होंने कहा कि इन प्रतिबद्धताओं के केंद्र में यूएई रणनीति 2050 के अद्यतन लक्ष्य हैं जो 2050 तक नेट-जीरो तक पहुंचने के अंतिम लक्ष्य के साथ संतुलित, स्थायी, किफायती ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं।
अपने पहले चरण में रणनीति जल और ऊर्जा क्षेत्रों से उत्सर्जन को कम करने और ऊर्जा मिश्रण में स्वच्छ कोयले के 0 फीसदी योगदान तक पहुंचने का आह्वान करती है। यह रणनीति 2019 की तुलना में 2030 तक व्यक्तिगत और संस्थागत ऊर्जा खपत दक्षता को 42-45 फीसदी तक बढ़ाने का प्रयास करती है।
मंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि जलवायु कार्रवाई यूएई की विकास योजनाओं के केंद्र में है। यह देश प्रतिष्ठित पेरिस समझौते पर हस्ताक्षर करने और इसकी पुष्टि करने वाला और 2050 रणनीतिक पहल तक नेट जीरो की घोषणा करने वाला पहला खाड़ी देश था।
अल मजरूई ने कहा, "यूएई का ऊर्जा संक्रमण क्षेत्र में एक प्रभावशाली ट्रैक रिकॉर्ड है। अब तक इसने देश और विदेश में स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं में 57 बिलियन डॉलर से अधिक का निवेश किया है। इसके अतिरिक्त स्वच्छ ऊर्जा में तेजी लाने के लिए यूएई-यूएस साझेदारी (PACE) के माध्यम से हम 2035 तक 100 बिलियन डॉलर जुटाने और 100 नई गीगावाट स्वच्छ ऊर्जा तैनात करने का लक्ष्य रखते हैं।"
अनुवाद - पी मिश्र.