दुबई, 24 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई बिजनेस वुमेन काउंसिल (DBWC) और ओरेकल ने आज "sAIdaty" पहल शुरू की, जिसका उद्देश्य देश के AI अर्थव्यवस्था लक्ष्यों का सहयोग करने के लिए दुबई और व्यापक यूएई में महिला पेशेवरों और उद्यमियों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कौशल को बढ़ाना है।
एक वैश्विक कार्यक्रम ओरेकल वुमेन लीडरशिप (OWL) के नेतृत्व में "sAIdaty" पहल DBWC की 500 महिला सदस्यों को AI कौशल के साथ प्रशिक्षित करने में मदद करेगी और उन्हें रणनीतिक लक्ष्यों को प्राप्त करने और नए विकास के रास्ते तलाशने के लिए अपने व्यवसायों, कार्यस्थल और अन्य क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी को लागू करने में मदद करेगी। यह कार्यक्रम ओरेकल में महिला लीडर्स की वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों को सशक्त बनाने में मदद करता है।
"sAIdaty" एक साल तक चलने वाली पहल है, जिसके तहत DBWC लीडर्स के सहयोग से ओरेकल विशेषज्ञ कई विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित करेंगे, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल बातें और विभिन्न उद्योगों में इसके अनुप्रयोगों के बारे में प्रतिभागी सदस्यों की समझ को बढ़ाने में मदद करेंगे। इनमें क्लाउड कंप्यूटिंग, AI की मूल बातें, जेनरेटिव AI, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), ब्लॉकचेन, उनके अनुप्रयोग, पूरे क्षेत्र से उपयोग के मामले के उदाहरण और प्रौद्योगिकी अपनाने पर मार्गदर्शन शामिल हैं। इसके अलावा OWL सदस्य DBWC सदस्यों के लिए नेतृत्व कौशल पर कार्यशालाओं की भी मेजबानी करेंगे।
DBWC की बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर नादीन हलाबी ने कहा, “ओरेकल के साथ हमारी साझेदारी दुबई आर्थिक एजेंडा के अनुरूप महिला पेशेवरों को सशक्त बनाने की DBWC की प्रतिबद्धता में एक महत्वपूर्ण क्षण का प्रतीक है। ओरेकल वूमेन लीडरशिप के नेतृत्व में 'sAIdaty' पहल हमारे 500 सदस्यों को महत्वपूर्ण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कौशल से लैस करेगी, जो उन्हें नवाचार के क्षेत्र में सबसे आगे ले जाएगी।”
ओरेकल और DBWC संयुक्त रूप से कार्यक्रम के प्रतिभागियों के लिए कक्षा सत्र, वर्चुअल बैठकें, स्पीड मेंटरिंग कार्यक्रम और नेटवर्किंग गतिविधियों की मेजबानी करेंगे। यूएई और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से ओरेकल प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों, उद्योग और सरकारी नेताओं को समुदाय के सदस्यों के साथ अपने अनुभव साझा करने और इन प्रौद्योगिकियों के अनुप्रयोगों पर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
अनुवाद - पी मिश्र.