DFSA ने अपनी स्थापना के बाद से रिकॉर्ड संख्या में लाइसेंस जारी करते हुए उल्लेखनीय वृद्धि जारी रखी

दुबई, 24 जनवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई फाइनेंशियल सर्विसेज अथॉरिटी (DFSA) ने 2023 में असाधारण वृद्धि की घोषणा की, जिसमें रिकॉर्ड-तोड़ 117 कंपनियों को लाइसेंस और पंजीकृत किया गया, जो पिछले साल की तुलना में 25 फीसदी की वृद्धि है। वित्तीय सेवा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में लाइसेंसिंग में वृद्धि देखी गई।

DFSA ने DIFC में उपस्थिति स्थापित करने वाले एसेट मैनेजरों और हेज फंड मैनेजरों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की, जिसमें साल-दर-साल 125 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा नवंबर 2023 तक DIFC के एक्सचेंज नैस्डैक दुबई के पास दुनिया का सबसे बड़ा सूचीबद्ध ईएसजी सुकुक बाजार है, जिसका मूल्य 27 बिलियन डॉलर है, इसमें यूएस-मूल्य वाले ईएसजी सुकुक का 60 फीसदी से अधिक शामिल है। नैस्डैक दुबई सूचीबद्ध सुकुक बाजार के लिए दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्थान बना हुआ है।

DFSA के अध्यक्ष फादेल अल अली ने कहा, “2023 की उल्लेखनीय उपलब्धियाँ न केवल वर्तमान को विनियमित करने, बल्कि भविष्य को आकार देने और नियंत्रित करने के हमारे समर्पण का प्रमाण हैं। हमारा उद्देश्य एक अंतरराष्ट्रीय नियामक संस्था के रूप में एक वैश्विक बेंचमार्क बनना है, जो दुबई आर्थिक एजेंडा D33 सहित सरकार की रणनीतिक दृष्टि के साथ मिलकर उत्कृष्टता प्रदान करता है।”

लाइसेंस प्राप्त फर्मों में वृद्धि के साथ इस अवधि में DFSA के लिए संबंध निर्माण में भी वृद्धि देखी गई, जिसने स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय नियामक निकायों और भागीदारों के साथ संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण प्रगति की। DFSA ने यूएई की वित्तीय खुफिया इकाई के साथ मनी लॉन्ड्रिंग विरोधी और आतंकवाद के वित्तपोषण पर सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता पर हस्ताक्षर किए। DFSA ने हांगकांग मौद्रिक प्राधिकरण के साथ एक साझेदारी भी बनाई है जिसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि मध्य पूर्व और एशिया में जलवायु वित्त को सहयोग और सक्षम करने के लिए नीति और नियामक प्रतिक्रियाओं को और कैसे विकसित किया जाए। इस साझेदारी की प्रमुख पहल आगामी संयुक्त जलवायु वित्त सम्मेलन है, जो इस शरद ऋतु में हांगकांग में होने वाला है।

DIFC में स्थायी पूंजी बाजारों के विकास में तेजी लाने की अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए DFSA ने COP28 के वित्त दिवस के दौरान 2024 तक DIFC में स्थिरता से संबंधित ऋण प्रतिभूतियों को सूचीबद्ध करने के इच्छुक जारीकर्ताओं के लिए नियामक शुल्क माफी की घोषणा की।

अनुवाद - पी मिश्र.