अबू धाबी, 5 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- डच विदेश व्यापार और विकास सहयोग मंत्री जेफ्री वैन लीउवेन ने अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) को बताया कि विवाद निपटान और व्यापार और औद्योगिक नीति पर महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए नीदरलैंड इस महीने के अंत में अबू धाबी में विश्व व्यापार संगठन (WTO) के आगामी 13वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (MC13) की प्रतीक्षा कर रहा है।
एम्स्टर्डम से एक ईमेल इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि पूरी तरह से कार्यशील विवाद निपटान प्रणाली की बहाली नीदरलैंड के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वैन लीउवेन ने कहा कि अगली प्राथमिकता औद्योगिक सब्सिडी के लिए समान अवसर को मजबूत करने पर संयुक्त रूप से काम करने के लिए व्यापार और औद्योगिक नीति पर एक कार्य कार्यक्रम शुरू करना है।
बहुपक्षीय व्यापार को यूएई का सहयोग
दिसंबर में दुबई में संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP28 के सफलतापूर्वक आयोजन के बाद यूएई 26 से 29 फरवरी 2024 तक अबू धाबी में MC13 की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
मंत्रिस्तरीय बैठक में 164 देशों और व्यापारिक गुटों के प्रतिनिधि बुलाए जाएंगे।
डच मंत्री ने COP28 के असाधारण आयोजन के लिए "यूएई की प्रशंसा और आभार" व्यक्त किया।
महत्वपूर्ण सुधार
MC13 वैश्विक व्यापार प्रणाली में प्रमुख सुधारों की तलाश करेगा, जिसमें WTO सदस्यता का विस्तार करने, मजबूत विवाद समाधान तंत्र तैयार करने और डिजिटल व्यापार ढांचे को अपनाना शामिल है।
मंत्रिस्तरीय बैठक का उद्देश्य आपूर्ति-श्रृंखला व्यवधान, मुद्रास्फीति, संरक्षणवाद और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का समाधान करना भी है। इसके अलावा MC13 स्थायी और लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं के लिए व्यापार प्रौद्योगिकियों में निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों का पता लगाएगा।
डच मंत्री ने जोर देकर कहा, "एक खुली अर्थव्यवस्था के रूप में नीदरलैंड नियम-आधारित बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली का एक मजबूत समर्थक है।"
उन्होंने कहा कि नीदरलैंड WTO सदस्यता के विस्तार के पक्ष में है क्योंकि उसका मानना है कि व्यापार सभी के लिए सतत आर्थिक विकास ला सकता है।
डच-यूएई संबंधों का ग्रीन भविष्य
मंत्री ने जोर देकर कहा कि दो समुद्र तटीय देशों के रूप में नीदरलैंड और यूएई के पास अपनी अद्वितीय भौगोलिक स्थिति के साथ वैश्विक व्यापार में काफी संभावनाएं हैं।
उन्होंने बताया कि नीदरलैंड की तरह यूएई भी अपने क्षेत्र में कई उत्पादों के लिए लॉजिस्टिक हब है। “हमारे बंदरगाहों को जोड़ने से हमारी वितरण क्षमताएं और बढ़ जाती हैं। यही कारण है कि यूएई ने डीपी वर्ल्ड के लिए एक टर्मिनल बनाते हुए रॉटरडैम बंदरगाह में निवेश किया।”
यूएई में उत्पादित ग्रीन हाइड्रोजन के लिए यूरोप में वितरण केंद्र बनाने की क्षमता के साथ दोनों देशों का ग्रीन भविष्य है। "यह निश्चित रूप से आगे विचार करने योग्य है।"
अनुवाद - पी मिश्र.