वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट 2024 में 85 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठन, संस्थान भाग लेंगे

दुबई, 7 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- 85 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठन वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट के 11वें संस्करण में भाग लेने के लिए तैयार हैं, जो "भविष्य की सरकारों को आकार देना" विषय के तहत दुबई, यूएई में 12 से 14 फरवरी 2024 तक चलेगा।

भाग लेने वाले संगठन वर्तमान और भविष्य की वैश्विक चुनौतियों का समाधान करेंगे और विभिन्न क्षेत्रों में अधिक विकसित, समृद्ध और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए समाधान तैयार करेंगे।

27 से अधिक संगठनों के प्रमुख 2024 समिट के मुख्य सत्र में भाग लेंगे, जिसमें छह महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिसमें सरकारी त्वरण और परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अगली सीमाएं, विकास और भविष्य की अर्थव्यवस्थाओं की पुनर्कल्पना, भविष्य की सोसायटी और शिक्षा, स्थिरता और नई वैश्विक बदलाव और शहरीकरण और वैश्विक स्वास्थ्य प्राथमिकताएँ शामिल हैं।

इस वर्ष के समिट में भाग लेने वाले संगठनों के प्रमुखों में विश्व आर्थिक मंच (WEF) दावोस के संस्थापक और अध्यक्ष प्रोफेसर क्लॉस श्वाब; विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष अजय बंगा; अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा; अरब लीग के महासचिव अहमद अबुल घीत; खाड़ी सहयोग परिषद के महासचिव जसीम मोहम्मद अलबुदैवी; पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (OPEC) के महासचिव हैथम अल घिस और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस शामिल हैं।

2024 वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट द्वारा 15 से अधिक वैश्विक मंचों की मेजबानी की जाएगी, जिनमें से कई अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठनों के साथ साझेदारी में आयोजित किए जाएंगे। इन मंचों में ग्लोबल हेल्थ फोरम शामिल है, जो शहरीकरण और वैश्विक स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध पर केंद्रित है; अरब राजकोषीय मंच जो अरब देशों में सामाजिक और आर्थिक विकास का समर्थन करने वाली चर्चाओं का गवाह बनता है; उद्योग और उन्नत प्रौद्योगिकी फोरम जिसका उद्देश्य उभरते रुझानों और तकनीकी प्रगति और विभिन्न क्षेत्रों पर उनके प्रभाव का पता लगाना है।

वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट संगठन अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठनों के साथ सहयोग को मजबूत करने का इच्छुक है। संगठन का प्रतिनिधिमंडल हाल ही में कई वैश्विक राजधानियों के दौरे पर गया, जहां उन्होंने विभिन्न संगठनों के प्रमुखों के साथ कई उच्च स्तरीय बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य समिट और इन संगठनों के बीच साझेदारी बढ़ाने के अवसर तलाशना था।

अनुवाद - पी मिश्र.