यूएई-भारत संबंधों में निरंतर गति देखी जा रही है: सुहैल अल मजरूई

अबू धाबी, 13 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- ऊर्जा और बुनियादी ढांचा मंत्री सुहैल बिन मोहम्मद अल मजरूई ने कहा कि भारत यूएई के लिए एक प्रमुख भागीदार है। दोनों देश मजबूत संबंधों से बंधे हैं जो साझा मूल्यों और आपसी हितों से बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों देश हमेशा विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, परिवहन और लॉजिस्टिक्स में अपना सहयोग जारी रखने के इच्छुक रहे हैं।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूएई यात्रा के अवसर पर अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) को दिए एक बयान में अल मजरूई ने कहा कि साझा दृष्टिकोण और रणनीतियों का सहयोग करने, पदों में सामंजस्य बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में सतत विकास हासिल करने में अपनी भूमिका के कारण यह यात्रा दोनों पक्षों के लिए एक महत्वपूर्ण मूल्य है।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यह यात्रा यूएई-भारत संबंधों को नए और आशाजनक क्षितिज तक मजबूत करने में योगदान देती है।

यूएई के ऊर्जा और बुनियादी ढांचे मंत्री ने पुष्टि किया कि भारतीय प्रधानमंत्री की यूएई यात्रा ऐतिहासिक संबंधों और उच्च-स्तरीय पारस्परिक यात्राओं का विस्तार है, जिनमें से आखिरी जनवरी में राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान की भारत यात्रा थी, जिसके दौरान हिज हाइनेस ने भारतीय प्रधानमंत्री के साथ दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों और उन्हें विशेष रूप से विकास के स्तर पर बढ़ाने और व्यापक बनाने के तरीकों पर चर्चा की।

उन्होंने बताया कि भारत यूएई के लिए एक महत्वपूर्ण देश है और उसके साथ संबंध विकसित करना प्राथमिकता है। यह दुनिया में यूएई के सबसे बड़े साझेदारों में से एक है। भारतीय कंपनियां यूएई में तेल और गैस क्षेत्र में सबसे बड़े निवेशकों में से हैं, जबकि यूएई भारत को कच्चे तेल का पांचवां सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है, जिसका योगदान 8 फीसदी है।

दोनों देशों के प्रयासों के सहयोग में और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उनके सहयोग को बढ़ाने के लिए अल मजरूई ने बताया कि यूएई और भारत ने मई 2022 में एक समझौता पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा समाधान, ग्रीन हाइड्रोजन और कार्बन बाजारों की तैनाती विकसित करने और कृषि क्षेत्र और स्थायी वित्तपोषण में दक्षता के स्तर को बढ़ाने के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के बीच साझेदारी के माध्यम से जलवायु परिवर्तन से निपटने के तरीकों की खोज करना है।

उन्होंने ध्यान आकर्षित किया कि उच्च स्तरीय यात्राओं के आदान-प्रदान के माध्यम से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में गति देखी जा रही है।

अनुवाद - पी मिश्र.