यूएई के राष्ट्रपति ने अबू धाबी पहुंचने पर भारत के प्रधानमंत्री का स्वागत किया

अबू धाबी, 13 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएई की यात्रा पर अबू धाबी पहुंचे, जिसके दौरान वह दुबई में आयोजित वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट 2024 में भाग लेंगे, जिसमें भारत सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होगा।

अबू धाबी में प्रेसिडेंशियल एयरपोर्ट पर पहुंचने पर राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने भारत के प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

अबू धाबी में प्रधानमंत्री के काफिले के आगमन पर एक आधिकारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें यूएई और भारत के राष्ट्रगान बजाए गए और ऑनर गार्ड का एक समूह आने वाले प्रधानमंत्री को सलामी देने के लिए खड़ा हुआ।

रिसेप्शन में उपराष्ट्रपति, उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति न्यायालय के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख मंसूर बिन जायद अल नहयान; अबू धाबी के उप शासक और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हिज हाइनेस शेख तहनून बिन जायद अल नहयान; उप प्रधानमंत्री और आंतरिक मंत्री हिज हाइनेस लेफ्टिनेंट जनरल शेख सैफ बिन जायद अल नहयान; राष्ट्रपति न्यायालय में विकास और शहीद परिवार मामलों के कार्यालय के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख थेबा बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान; हिज हाइनेस शेख हमीद बिन जायद अल नहयान; राष्ट्रपति न्यायालय में विशेष मामलों के सलाहकार शेख मोहम्मद बिन हमद बिन तहनून अल नहयान; हिज हाइनेस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान; राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सर्वोच्च परिषद के महासचिव अली बिन हम्माद अल शम्सी; यूएई के राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार डॉ. अनवर गर्गश; वित्तीय मामलों के राज्य मंत्री मोहम्मद हैडी अल हुसैनी; अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री रीम बिन्त इब्राहिम अल हाशिमी; ऊर्जा और बुनियादी ढांचा मंत्री सुहैल बिन मोहम्मद अल मजरूई; निवेश मंत्री मोहम्मद हसन अल सुवेदी; कार्यकारी मामलों के प्राधिकरण के अध्यक्ष और कार्यकारी परिषद के सदस्य खलदून खलीफा अल मुबारक; यूएई के सेंट्रल बैंक के गवर्नर खालिद मोहम्मद सलेम बलामा अल तमीमी और भारत में यूएई के राजदूत डॉ. अब्दुल नासिर अल शाली साथ ही यूएई के कई मंत्री और उच्च पदस्थ अधिकारी ने भाग लिया।

भारत के प्रधानमंत्री के साथ आए प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

अनुवाद - एस कुमार.