यूएई का दूसरा सहायता जहाज 4,544 टन मानवीय आपूर्ति लेकर एल अरिश बंदरगाह पर पहुंचा

एल अरिश, 17 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- फिलिस्तीनी लोगों का सहयोग करने के लिए राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान के निर्देशों के तहत यूएई द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन "गैलेंट नाइट 3" के रूप में गाजा पट्टी में प्रवेश की तैयारी के लिए 4,544 टन मानवीय आपूर्ति ले जाने वाला दूसरा यूएई सहायता जहाज एल अरिश के बंदरगाह पर पहुंचा।

जहाज के आगमन पर युवा मामलों के राज्य मंत्री डॉ. सुल्तान बिन सैफ अल नेयादी; मिस्र में यूएई की राजदूत मरियम खलीफा अल काबी; अमीरात रेड क्रीसेंट के महासचिव राशिद मुबारक अल मंसूरी और उत्तरी सिनाई के गवर्नर मेजर जनरल डॉ. मोहम्मद अब्देल फादिल शौशा शामिल थे।

जहाज 3 फरवरी को फुजैरा बंदरगाह से रवाना हुआ था, जिसमें 4,303 टन भोजन, 154 टन आश्रय सामग्री और खलीफा बिन जायद अल नहयान फाउंडेशन, जायद बिन सुल्तान अल नहयान चैरिटेबल एंड ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन और अमीरात रेड क्रीसेंट द्वारा प्रदान की गई 87 टन चिकित्सा सहायता थी।

डॉ. सुल्तान अल नेयादी ने फिलिस्तीनी लोगों का सहयोग करने के लिए यूएई के दृष्टिकोण और ऐतिहासिक प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने उल्लेख किया कि यूएई संकट की शुरुआत से ही गाजा पट्टी के निवासियों को राहत और भोजन सहायता प्रदान कर रहा है और इन गंभीर परिस्थितियों के दौरान उनकी पीड़ा को कम करने के लिए सभी आवश्यकताएं प्रदान कर रहा है।

डॉ. अल नेयादी ने एल अरिश शहर में कई यूएई सहायता गोदामों का दौरा किया और उनकी विविध सामग्रियों की समीक्षा की जो फिलिस्तीनी लोगों का सहयोग करने के उद्देश्य से मानवीय राहत प्रयासों को बढ़ाने में योगदान करती हैं।

वहीं, राशिद अल मंसूरी ने कहा कि एल अरिश शहर में दूसरे सहायता जहाज का आगमन यूएई के दृढ़ विश्वास और पहल और परियोजनाओं को शुरू करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है जो राहत प्रयासों को बढ़ाते हैं और गाजा पट्टी में फिलिस्तीनी लोगों का सहयोग करते हैं।

17 फरवरी 2024 तक "गैलेंट नाइट 3" मानवीय अभियान के तहत फिलिस्तीनी लोगों को प्रदान की गई कुल यूएई सहायता 15,700 टन से अधिक थी, जिसमें 162 कार्गो विमान भेजे गए थे। यूएई ने प्रति दिन लगभग 1.2 मिलियन गैलन की अलवणीकरण क्षमता वाले 6 जल अलवणीकरण संयंत्र भी लॉन्च किए, जिससे गाजा के निवासियों को सीधे लाभ हुआ।

यूएई ने गाजा पट्टी में फिलिस्तीनी लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए 5 नवंबर 2023 को "गैलेंट नाइट 3" मानवीय अभियान शुरू किया।

अनुवाद - पी मिश्र.