KEZAD ग्रुप ने ऑटोमोटिव एल्युमीनियम घटक विनिर्माण संयंत्र के लिए APT के साथ लीज समझौते पर हस्ताक्षर किए

अबू धाबी, 19 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- एकीकृत और उद्देश्य-निर्मित आर्थिक क्षेत्रों के सबसे बड़े संचालक खलीफा इकोनॉमिक जोन अबू धाबी (KEZAD ग्रुप) और अल घुरेयर ग्रुप की सहायक कंपनी ऑटोमोटिव प्रिसिजन टेक्नोलॉजी (APT) ने आज ऑटोमोटिव एल्यूमीनियम घटक विनिर्माण सुविधा के लिए एक पट्टा समझौते पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की।

KEZAD में APT के लिए 30,000 वर्ग मीटर की उन्नत विनिर्माण सुविधा रणनीतिक रूप से एमिरेट्स ग्लोबल एल्युमीनियम के निकट स्थित होगी, जो दुनिया में एल्यूमीनियम के सबसे बड़े निर्माताओं में से एक है और 2025 की शुरुआत तक चालू हो जाएगी।

हस्ताक्षर के अवसर पर यूएई के उद्योग और उन्नत प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MoIAT) के अवर सचिव महामहिम उमर अल सुवेदी और मंत्रालय, अल घुरेयर ग्रुप और APT के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

MoIAT अवर सचिव ने कहा, "हम इस क्षमता के औद्योगिक क्षेत्र की साझेदारी का हिस्सा बनकर प्रसन्न हैं, जो उद्योग और उन्नत प्रौद्योगिकी के लिए राष्ट्रीय रणनीति और मेक इट इन एमिरेट्स पहल के उद्देश्यों के साथ संरेखित है, जो वैश्विक आपूर्ति और मांग को जोड़ने की क्षमता को मजबूत करके यूएई के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और निर्यात वृद्धि को पूरक करता है। इससे औद्योगिक क्षेत्र के प्रदर्शन और प्रतिस्पर्धात्मकता में वृद्धि होती है, जिससे यूएई का निवेश आकर्षण बढ़ता है और आर्थिक विविधीकरण को बढ़ावा मिलता है।”

अल सुवैदी ने कहा कि इस तरह के सहयोग स्थानीय प्रतिभाओं के लिए नौकरी के अवसर पैदा करके और अमीरातियों को उनके करियर में आगे बढ़ने के लिए तकनीकी कौशल से लैस करके औद्योगिक क्षेत्र की उन्नति में योगदान करते हैं।

एडी पोर्ट्स ग्रुप के आर्थिक शहरों और मुक्त क्षेत्रों के सीईओ अब्दुल्ला अल हमेली ने कहा, “हमें KEZAD में APT की मेजबानी करने पर गर्व है। इस सुविधा की स्थापना देश के भीतर ऑटोमोटिव मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने और सहायक आपूर्ति श्रृंखलाओं को स्थानीय बनाने की राष्ट्रीय दृष्टि के अनुरूप है। यह सुविधा स्थानीय अर्थव्यवस्था और तकनीकी उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान देगी।"

KEZAD समूह के सीईओ मोहम्मद अल खादर अल अहमद ने कहा, “हम KEZAD में APT सुविधा का स्वागत करते हैं, जो हमारे धातु और ऑटोमोटिव इकोसिस्टम को मजबूत करती है। हॉट मेटल रोड जैसे विशेष गलियारों सहित KEZAD समूह की विश्व स्तरीय सुविधाएं और बुनियादी ढांचा, पिघले हुए एल्यूमीनियम को EGA से APT सुविधा तक ले जाने की अनुमति देगा, जिसके परिणामस्वरूप वित्तीय लागत में महत्वपूर्ण बचत होगी और साथ ही पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।"

APT के सीईओ एरोन मजगियर ने कहा, “APT का मिशन सुरक्षित, हल्के और ग्रीन वाहनों का उत्पादन करने के लिए ऑटोमोटिव उद्योग के लिए एल्यूमीनियम एक्सट्रूज़न और विनिर्माण सेवाओं में नवाचार प्रदान करके स्थिरता में वैश्विक मूवमेंट का सहयोग करना है।"

अल घुरेयर ग्रुप के सीईओ इयाद मालास ने कहा, "नई APT सुविधा में हमारा निवेश विनिर्माण नवाचार में सबसे आगे रहने और यूएई की आर्थिक दृष्टि में योगदान करने के लिए समूह की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।"

अनुवाद - एस कुमार.