बासमती चावल के लिए यूएई शीर्ष पांच वैश्विक बाजारों में शामिल: भारत का APEDA

नई दिल्ली, 19 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- भारत सरकार के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) ने कल घोषणा किया कि चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में यूएई भारतीय बासमती चावल के लिए शीर्ष पांच वैश्विक बाजारों में से एक था।

अन्य चार आकर्षक बाजारों में से तीन मध्य पूर्व में अर्थात् सऊदी अरब, ईरान और इराक हैं। चावल की इस बढ़िया किस्म का चौथा बड़ा बाजार अमेरिका है।

भारत का वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से शुरू होता है। तो कवर की गई अवधि अप्रैल की शुरुआत से दिसंबर 2023 के अंत तक है, जिसके लिए आधिकारिक आंकड़े उपलब्ध हैं।

इस नौ महीने की अवधि के दौरान, भारतीय बासमती चावल का कुल विश्व निर्यात 19 फीसदी बढ़ गया। मूल्य के संदर्भ में यह पिछले वर्ष की इसी तीन तिमाहियों के दौरान 3.33 बिलियन डॉलर से बढ़कर 3.97 बिलियन डॉलर हो गया।

मात्रा के संदर्भ में समान समय सीमा के भीतर निर्यात 11 फीसदी बढ़कर 3.198 मिलियन मीट्रिक टन से 3.543 मिलियन मीट्रिक टन हो गया।

APEDA ने कहा, "यह मजबूत प्रदर्शन बासमती चावल की स्थायी लोकप्रियता और वैश्विक मांग को रेखांकित करता है, जिससे भारत के निर्यात पोर्टफोलियो में एक प्रमुख कृषि उत्पाद के रूप में इसकी स्थिति और मजबूत हो गई है।"

APEDA ने 13 फरवरी को अपने 38वें स्थापना दिवस के अवसर पर कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में भारत का कुल कृषि निर्यात 53.1 बिलियन डॉलर का था।

अनुवाद - पी मिश्र.