म्यूजियम ऑफ द फ्यूचर ने दूसरी वर्षगांठ पर 2 मिलियन विजिटर्स के साथ मील का पत्थर हासिल किया

दुबई, 21 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- म्यूजियम ऑफ द फ्यूचर 22 फरवरी को अपनी दूसरी वर्षगांठ मनाएगा। 172 देशों के 2 मिलियन से अधिक विजिटर्स के साथ संग्रहालय दुबई के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के दृष्टिकोण के अनुरूप नवाचार और भविष्य की कल्पना के लिए एक वैश्विक केंद्र बन गया है।

पिछले दो वर्षों के दौरान, संग्रहालय नवाचार, शिक्षा और भविष्य की दूरदर्शिता के साथ ज्ञान और रचनात्मकता का केंद्र बन गया है। इसने 280 से अधिक प्रमुख कार्यक्रमों की मेजबानी की है, जिसमें दुनिया भर से 20,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया है। यूएई की अपनी आधिकारिक यात्राओं के दौरान 40 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों, मंत्रियों और आधिकारिक प्रतिनिधिमंडलों का भी इसमें स्वागत हुआ है। इसके अतिरिक्त संग्रहालय ने भविष्य के लिए दुबई और यूएई के दृष्टिकोण पर प्रकाश डालने के लिए 370 से अधिक अंतरराष्ट्रीय, क्षेत्रीय और स्थानीय मीडिया प्रतिनिधिमंडलों की भी मेजबानी की।

म्यूजियम ऑफ द फ्यूचर के अध्यक्ष मोहम्मद अब्दुल्ला अल गर्गावी ने पुष्टि किया कि पिछले दो वर्षों में संग्रहालय की उल्लेखनीय उपलब्धियां और रिकॉर्ड-तोड़ संख्याएं, उस दूरदर्शी दृष्टिकोण से उपजी हैं जिसने इस ज्ञान और वैज्ञानिक केंद्रित संस्थान की स्थापना को प्रेरित किया। हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम द्वारा परिकल्पित इस दृष्टिकोण का उद्देश्य दुबई को भविष्य के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

उन्होंने आगे कहा, “2022 में म्यूजियम ऑफ द फ्यूचर के उद्घाटन ने दुनिया को एक शक्तिशाली संदेश भेजा कि यह क्षेत्र अब मानवता के भविष्य को आकार देने और प्रभावित करने के लिए तैयार है।”

फरवरी 2015 में वर्ल्ड गवर्नमेंट्स समिट के तीसरे संस्करण ने उस चीज के शुरुआती संस्करण की मेजबानी की जिसे अब 'म्यूजियम ऑफ द फ्यूचर' के रूप में जाना जाता है। इसमें भविष्य के सबसे प्रमुख सरकारी नवाचारों और सेवाओं को प्रदर्शित किया गया। यहां संग्रहालय की यात्रा हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम द्वारा 3 मार्च 2015 को 'म्यूजियम ऑफ द फ्यूचर' परियोजना के शुभारंभ की घोषणा के साथ शुरू हुई। यह परियोजना एक वैश्विक केंद्र बनने के उद्देश्य से विकसित की गई थी जो भविष्य के लिए दुबई और यूएई के दृष्टिकोण का प्रतीक है। इसके बाद दुबई फ्यूचर फाउंडेशन द्वारा भविष्य की दूरदर्शिता को संस्थागत बनाने का प्रबंधन किया गया।

म्यूजियम ऑफ द फ्यूचर का निर्माण कार्य 2017 में शुरू हुआ, जहां निर्माण प्रक्रिया के दौरान 3D प्रिंटिंग का भी उपयोग किया गया था। 2018 तक इसकी अत्याधुनिक संरचना पूरी हो गई और 22 फरवरी 2022 को इसे आधिकारिक तौर पर खोल दिया गया।

म्यूजियम ऑफ द फ्यूचर ने दुनिया के भविष्यवादियों के सबसे बड़े नेटवर्क 'ग्लोबल फ्यूचर्स सोसाइटी' के लिए एक केंद्रीय केंद्र के रूप में अपनी भूमिका मजबूत कर ली है। 17 देशों के लगभग 36 संस्थान ग्लोबल फ्यूचर्स सोसाइटी में शामिल हो गए हैं, जिससे नेटवर्क की सदस्यता दुनिया भर के सबसे प्रमुख फ्यूचर्स संस्थानों में से 40 तक बढ़ गई है। इस नेटवर्क को एक सहयोगी मंच के रूप में डिजाइन किया गया है, जो महत्वपूर्ण भविष्य के डिजाइन, रणनीतिक योजना संस्थानों, साथ ही ज्ञान और अनुसंधान केंद्रों को एकजुट करता है। साथ में उनका लक्ष्य भविष्य के दृष्टिकोण को सिंक्रनाइज़ करने, महत्वपूर्ण अवसरों को उजागर करने और परिवर्तनों की भविष्यवाणी और तैयारी करके विभिन्न चुनौतियों का सक्रिय रूप से समाधान करने के लिए प्रभावी रणनीतियां तैयार करना है।

संग्रहालय ने हाल ही में दुबई फ्यूचर फोरम का दूसरा सत्र दुबई के क्राउन प्रिंस, कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष और दुबई फ्यूचर फाउंडेशन के न्यासी बोर्ड के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के संरक्षण में आयोजित किया।

2023 सत्र में 100 देशों के भविष्य से संबंधित क्षेत्रों के 2,500 से अधिक विशेषज्ञों का स्वागत किया गया, जिसमें लगभग 100 अंतरराष्ट्रीय संस्थानों, थिंक टैंक और संगठनों की भागीदारी थी, जो भविष्य की सोच में विशेषज्ञता रखते थे।

दुबई फ्यूचर फाउंडेशन द्वारा आयोजित फोरम के एजेंडे में दो दिनों की अवधि में 70 से अधिक संवाद सत्र, मुख्य भाषण और कार्यशालाएं शामिल थीं। इस कार्यक्रम में यूएई और दुनिया भर के विभिन्न देशों के 150 से अधिक वक्ताओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।

अनुवाद - पी मिश्र.