दुबई, 21 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने मिस्र में एल अरिश हवाई अड्डे के माध्यम से गाजा के लिए एक महत्वपूर्ण राहत एयर ब्रिज के रूप में दुबई में इंटरनेशनल ह्यूमैनिटेरियन सिटी (IHC) द्वारा जुटाई गई तत्काल राहत आपूर्ति को भेजने की सुविधा के लिए निर्देश जारी किए।
IHC के सीईओ गिसेप्पा साबा ने कहा, “हम गाजा में चल रहे मानवीय आपातकाल का प्रतिक्रिया देने और पीड़ा कम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानवतावादी समुदाय का सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। दुबई के इंटरनेशनल ह्यूमैनिटेरियन सिटी का मिशन विश्व स्वास्थ्य संगठन के समन्वय में तत्काल चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करके जीवन बचाने के प्रति इसके समर्पण से गहराई से मेल खाता है।”
मानवीय मिशनों के प्रति दुबई की प्रतिबद्धता को उजागर करते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के स्टॉक से प्राप्त लगभग 11 मीट्रिक टन दवाओं और चिकित्सा आपूर्ति को लेकर एक उड़ान बुधवार सुबह एल अरिश हवाई अड्डे के लिए रवाना हुई, जहां महत्वपूर्ण सहायता खेप को WHO टीम को हस्तांतरित किया जाना है, जो गाजा में आगे के प्रेषण का समन्वय करती है।
गाजा-बाउंड एयरलिफ्ट इस साल ऐसे मिशनों की श्रृंखला में से पहला है, जिसमें गाजा के लोगों को बेहद जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए तीन से चार अतिरिक्त मिशन निर्धारित हैं। शिपमेंट में गैर-संचारी रोग किट और दवाएं जैसी आवश्यक आपूर्ति शामिल है, जिसके परिवहन के दौरान तापमान नियंत्रण का सख्त अनुपालन आवश्यक है। IHC और उसके साझेदार जरूरतमंद लोगों तक सहायता की सुरक्षित और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए ऑपरेशन के लॉजिस्टिक्स की सावधानीपूर्वक निगरानी करते हैं।
गाजा में बढ़ते संकट से प्रभावित आबादी को तत्काल राहत आपूर्ति की सुविधा प्रदान करने के लिए IHC ने पिछले साल एक एयर ब्रिज स्थापित करने के लिए तेजी से कदम उठाया। इसने मानवीय प्रयासों को बढ़ावा देने और संकट पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए अपने विशाल नेटवर्क और संसाधनों का लाभ उठाते हुए दस दिनों के भीतर छह हवाई शिपमेंट की सुविधा प्रदान की, जिससे क्षेत्र में एक अग्रणी मानवीय केंद्र के रूप में इसकी स्थिति की पुष्टि हुई।
अनुवाद - पी मिश्र.