दुबई, 23 फरवरी, 2024 (डब्ल्यूएएम) -- युगांडा के विदेश मंत्री जनरल ओडोंगो जेजे अबुबखर ने अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) को बताया कि युगांडा की समृद्ध कृषि और यूएई की तकनीकी ताकत द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार के लिए संभावित तालमेल की पेशकश करती है।
उन्होंने दुबई में एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि चूंकि युगांडा मुख्य रूप से एक कृषि प्रधान देश है, यह यूएई की खाद्य जरूरतों को पूरा कर सकता है और युगांडा की कृषि उपज में मूल्य जोड़ने में मदद करने के लिए यूएई की तकनीक हासिल कर सकता है।
"केवल तभी हम युगांडा की आबादी को अमीर और अधिक स्थिर बनने में मदद कर सकते हैं।"
उच्च स्तरीय दौरे, उड़ान कनेक्टिविटी
शीर्ष राजनयिक ने कहा कि युगांडा यूएई के साथ उत्कृष्ट संबंधों को लेकर काफी उत्साहित है।
जनरल अबुबखर ने बताया कि हाल के वर्षों में नियमित उच्च स्तरीय यात्राओं और दोनों देशों के बीच उड़ान कनेक्टिविटी में वृद्धि के साथ द्विपक्षीय संबंध काफी मजबूत हुए हैं।
उन्होंने बताया कि युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी ने पिछले तीन वर्षों में पांच बार यूएई का दौरा किया और यूएई व युगांडा के बीच प्रति सप्ताह 27 उड़ानें हैं।
“यह आपको हमारे संबंधों के महत्व और विकास को दर्शाता है। और मेरा मानना है कि यह और भी बढ़ सकता है।”
विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा कि युगांडा अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था में यूएई के साथ सहयोग बढ़ाना चाहता है और व्यापार में साझेदारी का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हॉर्न ऑफ अफ्रीका की शांति के लिए यूएई का सहयोग
उन्होंने कहा कि युगांडा हॉर्न ऑफ अफ्रीका की शांति और विकास के लिए यूएई का सहयोग चाहता है।
“युगांडा और यूएई के बीच संबंध मजबूत और अधिक घनिष्ठ होने जा रहे हैं। यह देखते हुए कि यूएई पूर्वी अफ्रीका विशेष रूप से हॉर्न ऑफ अफ्रीका के बहुत करीब है। जैसा कि हम कहते हैं, यह अपेक्षाकृत नाजुक क्षेत्र है।''
जलवायु सहयोग
उन्होंने दिसंबर में दुबई में संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP28 के सफल आयोजन के लिए यूएई की प्रशंसा की। विदेश मंत्री ने जलवायु परिवर्तन पर पेरिस समझौते को लागू करने में COP28 द्वारा की गई प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की।
"हम इस बात पर कुछ आम सहमति बनाने में सफल रहे हैं कि हम विकसित और विकासशील दुनिया के बीच मिलकर कैसे काम कर सकते हैं।"
शीर्ष राजनयिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में विकासशील देशों के सबसे बड़े वार्ता समूह 77 प्लस चीन (G77+चीन) के अध्यक्ष के रूप में युगांडा और COP28 के अध्यक्ष के रूप में यूएई "जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक दिलचस्प और अधिक ऊर्जावान यात्रा हो सकती है।"
दीर्घकालिक अनुभव
जनरल अबुबखर के पास सरकार और सेना में दशकों पुराना अनुभव है।
विदेश मंत्री बनने से पहले वह 2016-2021 के दौरान आंतरिक मामलों के मंत्री थे।
उन्होंने रक्षा राज्य मंत्री और पर्यावरण राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया था।
जनरल अबुबखर 1998 से 2001 के बीच सेना कमांडर थे। उन्होंने सेना में विशेष रूप से संसद में सेना के प्रतिनिधि के रूप में कई अन्य पदों पर भी काम किया था।
अनुवाद - पी मिश्र.