अबू धाबी, 23 फरवरी 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई के निवेश मंत्रालय ने मिस्र की सरकार और यूएई सरकार के बीच एक ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसका प्रतिनिधित्व अबू धाबी स्थित संप्रभु निवेशक एडीक्यू के नेतृत्व में एक निजी संघ ने किया।
समझौते के तहत, जो मिस्र के इतिहास में सबसे बड़े प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रतीक है, एडीक्यू काहिरा से लगभग 350 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित तटीय क्षेत्र रास अल-हेकमा में 35 बिलियन डॉलर का निवेश करेगा।
24 बिलियन डॉलर में रास अल-हेकमा के विकास अधिकार प्राप्त करने के अलावा एडीक्यू 11 बिलियन डॉलर की जमा राशि को भी परिवर्तित करेगा जिसका उपयोग पूरे मिस्र में प्रमुख परियोजनाओं में निवेश के लिए किया जाएगा।
लक्ष्य इस क्षेत्र को 170 मिलियन वर्ग मीटर में फैले एक अग्रणी अपनी तरह के पहले भूमध्यसागरीय अवकाश गंतव्य, वित्तीय केंद्र और मुक्त क्षेत्र के रूप में विकसित करने और मिस्र की आर्थिक व पर्यटन विकास क्षमता को मजबूत करने के लिए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे से सुसज्जित करना है। मिस्र सरकार रास अल-हेकमा विकास में 35 फीसदी हिस्सेदारी बरकरार रखेगी।
निवेश मंत्री मोहम्मद हसन अलसुवैदी ने कहा, “इस हस्ताक्षर के साथ हमारे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय संबंधों में एक नया अध्याय शुरू होगा। आपसी सम्मान और विश्वास पर जोर देते हुए यह निवेश स्थानीय अर्थव्यवस्था की प्रचुर क्षमता को साकार करने में मिस्र सरकार का सहयोग करने के लिए यूएई की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
अनूवाद - एस कुमार.