जलवायु लक्ष्यों को पूरा करने में मदद के लिए ग्रीन व्यापार के लिए WTO महत्वपूर्ण: फिनलैंड के मंत्री

अबू धाबी, 26 फरवरी 2024 (डब्ल्यूएएम) -- फिनलैंड के विदेश व्यापार और विकास मंत्री विले तावियो ने अमीरात समाचार एजेंसी (WAM) को बताया कि विश्व व्यापार संगठन (WTO) की पर्यावरणीय वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका है, जो विश्व देशों को उनके जलवायु लक्ष्यों को पूरा करने में मदद करेगा।

सोमवार को अबू धाबी में शुरू हुए WTO के 13वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (MC13) के दौरान एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि स्वच्छ प्रौद्योगिकियों में अग्रणी के रूप में फिनलैंड इस क्षेत्र में अधिक खुले और मुक्त व्यापार की वकालत करता है।

MC13 में फिनिश प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख तावियो ने कहा, "समान अवसर प्राप्त करने के लिए बहुत कुछ करना बाकी है जहां कम ऊर्जा प्रौद्योगिकियों का व्यापार किया जा सकता है। मुझे लगता है कि WTO इस क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"

उन्होंने बताया कि फिनलैंड के पास 2035 के लिए महत्वाकांक्षी जलवायु तटस्थता लक्ष्य हैं, उसने कम ऊर्जा, स्वच्छ प्रौद्योगिकियों का विकास किया है और उन्हें डिजिटलीकरण के माध्यम से सभी क्षेत्रों में तैनात किया जा रहा है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि स्वच्छ प्रौद्योगिकियों के खुले और मुक्त व्यापार से जलवायु लक्ष्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

"मुझे लगता है कि हमें व्यापार और पर्यावरण पर अधिक महत्वाकांक्षी होना चाहिए। MC13 से परे देखते हुए पर्यावरणीय वस्तुओं और सेवाओं में व्यापार की सुविधा और उदारीकरण WTO के लिए दीर्घकालिक लक्ष्य होना चाहिए।"

यूएई से काफी उम्मीदें हैं

महत्वपूर्ण वैश्विक व्यापार वार्ता आयोजित करते हुए चार दिवसीय MC13 अबू धाबी राष्ट्रीय प्रदर्शनी केंद्र (ADNEC) में गुरुवार, 29 फरवरी तक जारी रहेगा। WTO की शीर्ष निर्णय लेने वाली संस्था मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में लगभग 164 देश और व्यापारिक गुट भाग ले रहे हैं, जिसकी बैठक आमतौर पर हर दो साल में होती है।

MC13 के मेजबान के रूप में यूएई के बारे में बात करते हुए मंत्री ने कहा, "अमीरात द्वारा COP 28 जलवायु सम्मेलन की मेजबानी करने का मेरा अनुभव बहुत अच्छा है, जिसमें मैंने पिछले साल भाग लिया था। यह इन आयोजनों की मेजबानी करने के लिए एक महान देश है और मुझे लगता है कि यूएई निश्चित रूप से भविष्य में इस तरह के और आयोजनों की मेजबानी कर सकता है।"

ई-कॉमर्स, सर्कुलर इकोनॉमी

तावियो ने ई-ट्रांसमिशन पर सीमा शुल्क पर रोक बढ़ाने के लिए फिनलैंड के सहयोग की पुष्टि की।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र साल दर साल बढ़ रहा है और हम अधिक ई-कॉमर्स चाहते हैं। "इसलिए हमें उम्मीद है कि यह एक मुक्त क्षेत्र हो सकता है और इसे इसी तरह रखा जा सकता है। दुनिया भर में सीमा शुल्क मुक्त व्यापार होना काफी महत्वपूर्ण है और यह सभी के लिए फायदेमंद है।"

मंत्री ने विश्व स्तर पर अपनी सर्वोत्तम प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए सर्कुलर अर्थव्यवस्था पर और चर्चा की सिफारिश की।

वह विश्व आर्थिक मंच के सहयोग से फिनलैंड द्वारा आयोजित MC13 साइड इवेंट में भाग ले रहे हैं, जिसमें यह जांच की जा रही है कि वैश्विक व्यापार प्रणाली एक चक्रीय अर्थव्यवस्था में परिवर्तन का सहयोग कैसे कर सकती है।

फिनलैंड-यूएई व्यापार संबंध

मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि यूएई खाड़ी क्षेत्र में फिनलैंड का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है।

"डिजिटलीकरण के संदर्भ में अपने व्यापार को विकसित करने के लिए हमें बहुत कुछ करना है जिसमें फिनलैंड विश्व में अग्रणी है। दोनों देशों के बीच विभिन्न प्रकार की प्रौद्योगिकियों का निर्यात और आयात किया जा सकता है।"

तावियो ने पुष्टि किया कि फिनलैंड द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अनुवाद - पी मिश्र.