अबू धाबी, 1 मार्च 2024 (डब्ल्यूएएम) -- अमीरात न्यूक्लियर एनर्जी कॉरपोरेशन (ENEC) ने आज घोषणा किया कि उसकी परिचालन और रखरखाव सहायक कंपनी नवाह एनर्जी कंपनी ने बराक परमाणु ऊर्जा संयंत्र (Barakah Plant) की यूनिट 4 के रिएक्टर को सफलतापूर्वक शुरू किया है, जो यूएई और व्यापक अरब दुनिया में स्वच्छ बिजली के सबसे बड़े एकल स्रोत को विकसित करने और तैनात करने में अपनी विश्व स्तरीय विशेषज्ञता को दर्शाता है।
बराक संयंत्र में यूनिट 4 की शुरुआत परमाणु विखंडन के माध्यम से गर्मी के प्रारंभिक उत्पादन को चिह्नित करती है, जिसका उपयोग भाप के साथ टरबाइन को घुमाकर बिजली पैदा करने के लिए किया जाता है।
आने वाले हफ्तों में यूनिट 4 राष्ट्रीय बिजली ग्रिड से जुड़ जाएगी और अपने बिजली उत्पादन को धीरे-धीरे पूरी क्षमता तक बढ़ाने के लिए परीक्षण चरण में प्रवेश करेगी।
ENEC ने बराक संयंत्र की चार इकाइयों को त्वरित डिलीवरी समयसीमा के भीतर कुशलतापूर्वक वितरित किया है। बराक अरब दुनिया का पहला बहु-इकाई परिचालन परमाणु संयंत्र है, जिसकी परिचालन टीमें 2020 से हर साल एक इकाई शुरू कर रही हैं, जो स्थिर प्रगति और व्यापक मेगाप्रोजेक्ट प्रबंधन विशेषज्ञता का प्रदर्शन करती है। बराक संयंत्र चार APR-1400 दबावयुक्त जल रिएक्टरों का उपयोग करता है, जिनमें से प्रत्येक 1,400 मेगावाट तक स्वच्छ बिजली का उत्पादन करने में सक्षम है।
प्रत्येक इकाई को पिछली इकाई की तुलना में अधिक कुशलता से शुरू किया गया है, क्योंकि संस्थागत ज्ञान और अनुभव प्रत्येक बाद की इकाई पर लागू होते हैं। यूनिट 3 को यूनिट 2 शेड्यूल की तुलना में चार महीने तेजी से वितरित किया गया था और यूनिट 1 शेड्यूल की तुलना में पांच महीने तेजी से वितरित किया गया था, जो चरणबद्ध समयरेखा के भीतर कई इकाइयों के निर्माण के महत्वपूर्ण लाभ को दर्शाता है।
ENEC के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद अल हम्मादी ने कहा, "बराक परमाणु ऊर्जा संयंत्र की चौथी इकाई का प्रारंभ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब हम बराक संयंत्र का पूरा वादा पूरा करने के एक नए युग में प्रवेश कर रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में यूएई ने वैश्विक स्तर पर किसी भी अन्य देश की तुलना में प्रति व्यक्ति अधिक स्वच्छ बिजली जोड़ी है, जिसमें से 75 फीसदी केवल बराक संयंत्र से आती है, जो दर्शाता है कि देश के बिजली क्षेत्र को डीकार्बोनाइजिंग करने में परमाणु ऊर्जा कितनी महत्वपूर्ण है। हमारी स्थानीय टीमों का ज्ञान और विशेषज्ञता हमें आगे रखती है, जिससे देश स्थायी आर्थिक और पर्यावरणीय समृद्धि की दिशा में अग्रणी रास्ते पर खड़ा होता है।”
एक बार जब परीक्षण पूरा हो जाएगा और वाणिज्यिक संचालन शुरू हो जाएगा, तो यूनिट 4 यूएई की 25 फीसदी बिजली मांग को पूरा करने के लिए बराक संयंत्र की कुल क्षमता को 5,600 मेगावाट शून्य-कार्बन उत्सर्जन बिजली तक ले जाएगी। यह संयंत्र देश की कार्बन-कटौती प्रतिबद्धताओं के एक चौथाई में भी योगदान देगा, जिसे वैश्विक जलवायु परिवर्तन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के पेरिस समझौते के तहत राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (NDC) के रूप में जाना जाता है।
बराक संयंत्र एक अग्रणी परियोजना है जो आधुनिक दुनिया के ऊर्जा मिश्रण में परमाणु ऊर्जा के महत्व को प्रदर्शित करते हुए, उनकी व्यवहार्यता, सुरक्षा, लागत दक्षता और सफल परियोजना प्रबंधन को दर्शाते हुए नए परमाणु निर्माण में उत्कृष्टता का उदाहरण पेश करती है। इसकी सफलता उन देशों के लिए मूल्यवान सबक और एक बेंचमार्क प्रदान करती है जो अपनी बिजली जरूरतों और पर्यावरणीय लक्ष्यों को पूरा करने के लिए परमाणु ऊर्जा पर विचार कर रहे हैं।
ENEC ने वर्ल्ड न्यूक्लियर एसोसिएशन के साथ मिलकर हाल ही में नेट जीरो उत्सर्जन की उपलब्धि में परमाणु ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका की वकालत करने वाला एक मंच स्थापित करने के लिए नेट जीरो न्यूक्लियर लॉन्च किया है। यूएई में COP28 में चार महाद्वीपों के 22 देशों के नेताओं ने दुनिया भर के ऊर्जा क्षेत्र और भारी उद्योगों के डीकार्बोनाइजेशन में तेजी लाने के लिए 2050 तक वैश्विक परमाणु ऊर्जा क्षमता को तीन गुना करने की घोषणा की, 150 कंपनियों ने इस लक्ष्य का सहयोग करने का वादा किया।
बराक संयंत्र को विकसित करने से प्राप्त ज्ञान, विशेषज्ञता और प्रौद्योगिकी के आधार पर ENEC का लक्ष्य अनुसंधान और विकास को आगे बढ़ाकर और नई परमाणु ऊर्जा प्रौद्योगिकियों को अपनाकर यूएई के परमाणु ऊर्जा क्षेत्र का विस्तार करना है। इसमें भाप, हाइड्रोजन और अमोनिया जैसे स्वच्छ इलेक्ट्रॉनों और अणुओं को उत्पन्न करने के साथ विभिन्न उद्योगों के लिए प्रक्रिया गर्मी प्रदान करने के लिए छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर और उन्नत रिएक्टर शामिल हैं।
अनुवाद - पी मिश्र.