यूएई राष्ट्रपति और यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष ने सहायता वितरण के लिए समुद्री कॉरिडोर को सक्रिय करने के गाजा संकट प्रयासों पर चर्चा की

अबू धाबी, 11 मार्च 2024 (डब्ल्यूएएम) -- राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने आज यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष महामहिम उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ एक टेलीफोन में यूएई और यूरोपीय संघ के बीच सहयोग के विभिन्न पहलुओं और दोनों पक्षों के पारस्परिक हितों की पूर्ति के लिए इन संबंधों को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

फोन पर बातचीत के दौरान, दोनों पक्षों ने आपसी हित के कई मुद्दों की समीक्षा की, जिसमें मध्य पूर्व के विकास और गाजा पट्टी में बिगड़ते मानवीय संकट पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने गाजा पट्टी को बेहद जरूरी मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए समुद्री कॉरिडोर की सक्रियता के संबंध में यूएई, साइप्रस, यूरोपीय आयोग, जर्मनी, ग्रीस, इटली, नीदरलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका द्वारा हाल ही में घोषित पहल के महत्व की पुष्टि की। उन्होंने गाजा के निवासियों को पर्याप्त और स्थायी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से अन्य पहलों और प्रयासों को आगे बढ़ाने और एकीकृत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

बातचीत के दौरान, हिज हाइनेस शेख मोहम्मद ने अपने लोगों के सामने आने वाली चुनौतीपूर्ण मानवीय स्थिति के बीच गाजा पट्टी में मानवीय सहायता की डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए यूरोपीय आयोग सहित विभिन्न पक्षों के साथ काम करने की यूएई की प्रतिबद्धता पर जोर दिया, जिसे संबोधित करने के लिए तत्काल और सामूहिक कार्रवाई की आवश्यकता है।

हिज हाइनेस ने गाजा में तत्काल युद्धविराम की दिशा में काम करने, क्षेत्र में और तनाव बढ़ने से बचने और दो-राज्य समाधान के आधार पर निष्पक्ष और व्यापक शांति की दिशा में आगे बढ़ने के महत्व पर प्रकाश डाला।

यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष ने गाजा को मानवीय सहायता पहुंचाने में हिज हाइनेस और यूएई के महत्वपूर्ण योगदान के लिए अपना आभार व्यक्त किया और इन प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए यूएई के साथ मिलकर काम करने की यूरोपीय आयोग की मजबूत इच्छा की पुष्टि की।

अनुवाद - पी मिश्र.