दुबई, 15 मई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी के अध्यक्ष, दुबई एयरपोर्ट्स के अध्यक्ष और एमिरेट्स एयरलाइन व ग्रुप के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी हिज हाइनेस शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम ने मंगलवार, 14 मई 2024 को दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर (DWTC) में एयरपोर्ट शो के 23वें संस्करण का उद्घाटन किया।
मध्य पूर्व, अफ्रीका और दक्षिण एशिया (MEASA) को समर्पित अग्रणी वार्षिक प्रदर्शनी वैश्विक विमानन उद्योग के लिए सबसे उज्ज्वल दृष्टिकोण के बीच खोली गई थी।
शो की शुरुआत करते हुए शेख अहमद ने कहा, “एयरपोर्ट शो एक प्रमुख B2B प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित हुआ है और यह एयरपोर्ट उद्योग के लिए उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने, तेजी से बदलती व्यावसायिक गतिशीलता व उभरते रुझानों और विघटनकारी प्रौद्योगिकियों के बारे में जानने के लिए एक प्रेरक शक्ति बन गया है। प्रत्येक प्रमुख एयरपोर्ट विकास लक्ष्यों, निवेश और नवाचारों के मामले में बड़ा होने का लक्ष्य बना रहा है। यह आयोजन एयरपोर्ट के लीडर्स को एयरपोर्ट की स्थिरता, डिजिटलीकरण और शहरी वायु गतिशीलता में नए प्रगति के बारे में जानने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगा।”
इस साल का एयरपोर्ट शो दुबई द्वारा दुनिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट टर्मिनल के निर्माण की योजना की भव्य घोषणा के मद्देनजर आयोजित किया गया है।
35 बिलियन डॉलर के अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट की परिकल्पना पूर्ण होने पर 260 मिलियन यात्रियों की क्षमता की है, जो मौजूदा DXB के आकार का पांच गुना है। अगले कुछ सालों में दुबई इंटरनेशनल (DXB) के सभी परिचालन अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DWC) में स्थानांतरित कर दिए जाएंगे। दुबई वर्ल्ड सेंट्रल में एक नया एईडी128 बिलियन यात्री टर्मिनल यात्री क्षमता को सालाना 260 मिलियन तक बढ़ा देगा और 10 सालों में DXB के संचालन को पूरी तरह से अवशोषित कर देगा। इसमें पांच समानांतर रनवे और 400 विमान गेट होंगे।
विमानन उद्योग की भविष्य की वृद्धि का उदाहरण दुनिया की सबसे बड़ी लंबी दूरी की एयरलाइन एमिरेट्स के नतीजों से मिलता है। यह 31 मार्च को समाप्त हुए वित्तीय साल में रिकॉर्ड वार्षिक लाभ 4.7 बिलियन डॉलर दर्ज करने के बाद भविष्य की वृद्धि के लिए मजबूत स्थिति में है, जो पिछले साल के 2.72 बिलियन डॉलर के लाभ से 63 फीसदी अधिक है।
दुबई एयरपोर्ट के सीईओ पॉल ग्रिफिथ्स ने कहा, “अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DWC) का विस्तार दुबई के विमानन परिदृश्य के लिए एक बड़ी छलांग का प्रतीक है।”
उद्घाटन के दिन एयरपोर्ट शो में आयोजित ग्लोबल एविएशन लीडर्स फोरम (GALF) को संबोधित कर रहे ग्रिफिथ्स ने कहा, “DXB लगातार आगे बढ़ रहा है। DWC का विस्तार वैश्विक स्तर पर यात्रा, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स और व्यापार के लिए नए अवसर खोलेगा। हम इस परिवर्तनकारी और महत्वाकांक्षी यात्रा पर अपने भागीदारों और हितधारकों के साथ सहयोग करने के लिए उत्साहित हैं, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि दुबई आने वाले सालों में विमानन उद्योग में सबसे आगे बना रहे।”
एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) के दृष्टिकोण से भी लिया गया है कि 2024 वैश्विक यात्री यातायात में सुधार के लिए एक मील का पत्थर होगा। यह 9.4 बिलियन यात्रियों तक पहुंच जाएगा, जो 2019 में अब तक के उच्चतम 9.2 बिलियन यात्रियों को पार कर जाएगा।
अनुमान है कि 2026 तक विमानों की आवाजाही बढ़कर 111.6 मिलियन हो जाएगी। दुनिया भर के एयरपोर्ट पर 2041 तक 153.8 मिलियन विमानों की आवाजाही होगी।
अनुवाद - पी मिश्र.