दुबई अगले सप्ताह दुनिया की सबसे बड़ी AI प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग चुनौती की मेजबानी करेगा

दुबई, 16 मई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुनिया की सबसे बड़ी AI प्रॉम्प्ट चुनौती ग्लोबल प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग चैम्पियनशिप दुबई के क्राउन प्रिंस, दुबई कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष और दुबई फ्यूचर फाउंडेशन (DFF) के न्यासी बोर्ड के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के संरक्षण में 20 से 21 मई तक एमिरेट्स टावर्स और म्यूजियम ऑफ द फ्यूचर में आयोजित की जाएगी।

DFF की देखरेख वाले दुबई सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने घोषणा किया कि चैंपियनशिप के अंतिम चरण में तीन मुख्य श्रेणियों कला, साहित्य और कोडिंग में 30 प्रतिभागी शामिल होंगे। इन प्रतिभागियों को लगभग 100 देशों की हजारों प्रविष्टियों में से चुना गया था और वे एईडी1 मिलियन की कुल पुरस्कार राशि के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

ग्लोबल प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग चैम्पियनशिप के लिए निर्णायकों की भी घोषणा की गई। कला श्रेणी में उनमें आर्ट दुबई से बेनेडेटा घियोन, दुबई कल्चर से सईद खरबाश और माइक्रोसॉफ्ट से माजेन अबू नज्म शामिल होंगे।

साहित्य श्रेणी में जज इंटरनेशनल मीडिया इन्वेस्टमेंट्स (IMI) से मुस्तफा अल रावी, एमिरेट्स लिटरेचर फाउंडेशन से अहलम अल बोलूकी और गूगल से रमेश चंदर हैं।

कोडिंग श्रेणी के जज IBM से अशरफ खान, यूएई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऑफिस से अब्दुल रहमान अल-महमूद और गूगल से अहमद अल सैयद हैं।

दुबई सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के निदेशक सईद अल फलासी ने कहा, “दुबई में इस वैश्विक चैंपियनशिप की मेजबानी जेनेरिक AI में होनहार प्रतिभाओं के पोषण के महत्व को रेखांकित करती है। प्रतियोगिता उन्हें अपने कौशल और क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करती है। ग्लोबल प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग चैम्पियनशिप ने महत्वपूर्ण वैश्विक रुचि को आकर्षित किया है, जिसमें लगभग 100 देशों से हजारों प्रविष्टियाँ शामिल हैं, जो विनिर्माण और विज्ञान से लेकर कला व संस्कृति तक सभी क्षेत्रों में AI के व्यापक प्रभाव को दर्शाती हैं।”

चैंपियनशिप के पहले दिन प्रतिभागी प्रत्येक श्रेणी में चार राउंड में प्रतिस्पर्धा करेंगे। उनका मूल्यांकन गति, गुणवत्ता, नवीनता, रचनात्मकता और उनकी कंटेंट की सटीकता के आधार पर किया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी के शीर्ष तीन चैलेंजर्स अंतिम चरण के लिए क्वालीफाई प्राप्त करेंगे, जो दूसरे दिन होगा, जहां वे एईडी1 मिलियन की कुल पुरस्कार राशि के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

अनुवाद - पी मिश्र.