33वें अरब लीग समिट के मौके पर मोहम्मद बिन राशिद ने कुवैत के प्रधानमंत्री से मुलाकात की

दुबई, 16 मई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने उपराष्ट्रपति, उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति न्यायालय के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख मंसूर बिन जायद अल नहयान की उपस्थिति में आज बहरीन के मनामा में 33वें अरब लीग समिट के मौके पर कुवैत के प्रधानमंत्री शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-सबा से मुलाकात की।

दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान और कुवैत के अमीर शेख मिशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के मार्गदर्शन में द्विपक्षीय संबंधों के विकास पर चर्चा की। उन्होंने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

शेख मोहम्मद ने कुवैत द्वारा क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर निभाई जाने वाली अग्रणी भूमिका और GCC एकजुटता को और मजबूत करने और GCC व अरब क्षेत्र में स्थिरता और समृद्धि बढ़ाने की उसकी उत्सुकता की प्रशंसा की।

उन्होंने घनिष्ठ समन्वय के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए नए रास्ते के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने आर्थिक विकास से उत्पन्न अवसरों का लाभ उठाने के लिए दोनों देशों में निजी क्षेत्र को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।

दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व में मौजूदा तनाव और क्षेत्रीय व वैश्विक सुरक्षा पर उनके प्रभावों सहित आपसी चिंता के कई विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने स्थायी शांति और सुरक्षा के लिए एक आधार बनाने और क्षेत्र के लोगों के हितों की सेवा के लिए मुद्दों को संबोधित करने के महत्व पर भी जोर दिया।

बैठक में विदेश मंत्री हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान; दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी के अध्यक्ष, दुबई एयरपोर्ट्स के अध्यक्ष और एमिरेट्स एयरलाइन व ग्रुप के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी हिज हाइनेस शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम; कैबिनेट मामलों के मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल्ला अल गर्गावी; राज्य मंत्री खलीफा शाहीन अल मरार और बहरीन में यूएई के राजदूत फहद मोहम्मद सलेम बिन कार्दस अल अमेरी ने भाग लिया।

बैठक में कुवैत के वित्त मंत्री और आर्थिक मामलों और निवेश राज्य मंत्री डॉ. अनवर ए. अल-मुदफ; कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-याह्या और कई वरिष्ठ अधिकारी ने भी भाग लिया।

अनुवाद - संतोष कुमार.