बाली, 20 मई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- ऊर्जा और बुनियादी ढांचा मंत्री सुहैल मोहम्मद अल मजरूई ने 'साझा समृद्धि के लिए जल' विषय के तहत इंडोनेशिया के बाली में आयोजित 10वें वर्ल्ड वाटर फोरम में यूएई के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। वर्ल्ड वाटर काउंसिल और इंडोनेशिया सरकार द्वारा आयोजित फोरम ने वैश्विक जल चुनौतियों पर सहयोग करने और दीर्घकालिक प्रगति करने के लिए सरकारी अधिकारियों और जल विशेषज्ञों सहित 180 देशों के 30,000 प्रतिभागियों को साथ लाया।
उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण मंत्री डॉ. अमना बिन्त अब्दुल्ला अल दहक अल शम्सी, इंडोनेशिया और दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (ASEAN) में यूएई के राजदूत और पूर्वी तिमोर में अनिवासी यूएई के राजदूत अब्दुल्ला सलेम अल धाहरी और विदेश मंत्रालय, ऊर्जा और बुनियादी ढांचा मंत्रालय, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण मंत्रालय और मोहम्मद बिन जायद जल पहल के शीर्ष अधिकारी शामिल थे।
जल समुदाय को संबोधित करते हुए अल मजरूई ने कहा, “जल संसाधनों की स्थिरता दुनिया के लिए एक गंभीर मुद्दा बन गई है। जनसंख्या और औद्योगिक विकास के अनुरूप वैश्विक जल की जरूरतें तेजी से बढ़ी हैं। बुनियादी मानवीय आवश्यकता के रूप में इसके महत्व के अलावा जल खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पर्यावरणीय गिरावट और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के कारण स्थायी जल आपूर्ति की उपलब्धता कठिन होती जा रही है। हमें अपने एजेंडे के रूप में जल संसाधनों के कुशल और एकीकृत प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।”
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि यूएई ने सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता सेवाएं प्रदान करने में औसतन 100 फीसदी और एकीकृत जल संसाधन प्रबंधन में 80 फीसदी हासिल किया है, जो क्षेत्रीय स्तर पर सबसे अच्छे परिणामों में से एक है।
अल मजरूई ने कहा, "यूएई ने प्राकृतिक भूजल संसाधनों को बढ़ाने के उद्देश्य से जल संसाधन प्रबंधन में सुधार, रणनीतिक जल भंडार का सहयोग करने और वर्षा जल संचयन के क्षेत्र और दक्षता को बढ़ाने के लिए रणनीतियों और पहलों को अपनाया है। इसके अलावा हमने COP28 के दौरान यूएई के पहले हाइड्रोजियोलॉजिकल मानचित्र और भू-डेटाबेस की घोषणा की, जो जल को बनाए रखने और संरक्षित करने के लक्ष्य के साथ जल स्रोतों के दस्तावेजीकरण और प्रबंधन में एक मील का पत्थर उपलब्धि है।"
यूएई की वैश्विक जल पहलों पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा, "वैश्विक जल सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए हमने मोहम्मद बिन जायद जल पहल शुरू की है, जो वैश्विक एजेंडे पर जल की कमी के महत्व को बढ़ाने, जल की कमी के परिवर्तनकारी और स्थायी समाधानों के विकास में तेजी लाने और इस तत्काल चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय सहयोग की सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
अनुवाद - पी मिश्र.