अब्दुल्ला बिन जायद स्वर्गीय ईरानी राष्ट्रपति के आधिकारिक शोक समारोह में शामिल हुए; यूएई के राष्ट्रपति की संवेदना व्यक्त की

तेहरान, 22 मई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- विदेश मंत्री हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान ने यूएई के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया, जिसने स्वर्गीय ईरानी राष्ट्रपति डॉ. इब्राहिम रायसी; विदेश मंत्री होसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन और उनके साथी को श्रद्धांजलि देने के लिए तेहरान में आज आयोजित आधिकारिक शोक समारोह में भाग लिया, जिनका हाल ही में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन हो गया।

हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला बिन जायद के साथ आए प्रतिनिधिमंडल में राज्य मंत्री खलीफा शाहीन अल मार; संघीय राष्ट्रीय परिषद में रक्षा, आंतरिक और विदेशी मामलों की समिति के अध्यक्ष डॉ. अली राशिद अल नुमी और ईरान में यूएई के राजदूत सैफ मोहम्मद अल ज़ाबी भी शामिल थे। शोक समारोह दुनिया के कई देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईरानी राजधानी में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन हॉल में आयोजित किया गया था।

हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला ने राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान की संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करते हुए अल्लाह से प्रार्थना किया।

ईरान के कार्यवाहक विदेश मंत्री अली बघेरी कानी के साथ अपनी बैठक के दौरान शेख अब्दुल्ला ने इन कठिन परिस्थितियों में ईरान के साथ यूएई की एकजुटता की पुष्टि की।

शेख अब्दुल्ला ने दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के सहयोग में स्वर्गीय ईरानी विदेश मंत्री द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रयासों की भी सराहना की।

यूएई के विदेश मंत्री अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए आज सुबह तेहरान पहुंचे, जहां हिज हाइनेस के लिए एक आधिकारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया था।

अनुवाद - पी मिश्र.