दुबई, 23 मई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई मीडिया काउंसिल और अमीराती टैलेंट कॉम्पिटिटिवनेस काउंसिल (ETCC) ने 'मीडिया अप्रेंटिसशिप' कार्यक्रम शुरू किया है।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग्य अमीराती मीडिया विशेषज्ञों की एक नई पीढ़ी का निर्माण करना है, जो गतिशील वैश्विक मीडिया उद्योग के साथ तालमेल रखने में सक्षम हो और एक विविध व स्थायी मीडिया अर्थव्यवस्था के निर्माण के यूएई के दृष्टिकोण में योगदान दे सके।
अमीराती मीडिया स्नातकों, अंतिम वर्ष के मीडिया छात्रों और अपने कौशल को बढ़ाने के इच्छुक मौजूदा मीडिया पेशेवरों को लक्षित करते हुए कार्यक्रम आने वाले हफ्तों में आवेदन स्वीकार करना शुरू कर देगा।
राष्ट्रीय मीडिया कार्यालय (NMO) के अध्यक्ष और यूएई मीडिया काउंसिल के अध्यक्ष शेख अब्दुल्ला बिन मोहम्मद अल हमीद ने जोर देकर कहा कि कार्यक्रम अमीराती युवाओं को सशक्त बनाने के प्रज्ञ नेतृत्व के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
उन्होंने युवाओं को मीडिया क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक कौशल से लैस करने में 'मीडिया अप्रेंटिसशिप' कार्यक्रम की भूमिका को रेखांकित किया, जो आर्थिक विकास के लिए उत्प्रेरक के रूप में कार्य करता है।
उन्होंने कहा, "इस कार्यक्रम के माध्यम से हमारा लक्ष्य सार्थक और प्रभावशाली मीडिया सामग्री तैयार करने में सक्षम मीडिया लीडर्स का एक नया कैडर विकसित करना है, जो दर्शकों की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए अमीराती समाज के मूल्यों और संस्कृति का प्रतीक है।"
अनुवाद - पी मिश्र.