अबू धाबी, 27 मई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- उपराष्ट्रपति, उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति न्यायालय के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख मंसूर बिन जायद अल नहयान ने मेक इट इन अमीरात फोरम के तीसरे संस्करण का दौरा किया, जो 27-28 मई को अबू धाबी ऊर्जा केंद्र में आयोजित किया जा रहा है।
अबू धाबी आर्थिक विकास विभाग और अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) के संयोजन में उद्योग और उन्नत प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आयोजित फोरम यूएई की सबसे बड़ी औद्योगिक कंपनियों और समर्थकों को एक साथ लाता है ताकि वे अपनी खरीद योजनाओं, महत्वपूर्ण निवेश अवसरों को साझा कर सकें। ये कंपनियां यूएई में बने स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देती हैं और यूएई-आधारित विनिर्माण और उत्पादन में निवेश करने के इच्छुक शीर्ष क्रम के स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय व्यवसायों के साथ जुड़ना चाहती हैं।
हिज हाइनेस शेख मंसूर ने फोरम की संलग्न प्रदर्शनी में चुनिंदा प्रदर्शक मंडपों का दौरा किया, जिसमें प्रमुख स्थानीय संस्थानों के साथ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों के 300 यूएई निर्मित उत्पाद शामिल हैं। प्रदर्शक औद्योगिक क्षेत्र को आगे बढ़ाने, इसकी स्थिति को मजबूत करने, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को और भी अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए डिजाइन किए गए अत्याधुनिक समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं।
अपनी भागीदारी के दौरान, 44 प्रमुख कंपनियां औद्योगिक और तकनीकी स्तरों पर अपने नवाचारों और विभिन्न समाधानों के अलावा औद्योगिक अवसरों और स्थानीय रूप से निर्मित उत्पादों के साथ राष्ट्रीय उद्योगों के विकास के लिए अपने दृष्टिकोण भी प्रस्तुत कर रही हैं।
हिज हाइनेस शेख मंसूर ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की प्रगति और विविधीकरण के मुख्य स्तंभों में से एक है और अमीरातीकरण अभियान और आधुनिक विनिर्माण और उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में काम करने के लिए अमीराती दक्षताओं के सशक्तिकरण में एक महत्वपूर्ण योगदानकर्ता है।
“हमारे देश के कुशल कार्यबल और कंपनियां अब क्षेत्रीय व वैश्विक स्तरों पर सफलता के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। यह हमारे लोगों की क्षमताओं और हमारे उत्पादों की उच्च गुणवत्ता का प्रमाण है।”
हिज हाइनेस ने कहा कि मेक इट इन अमीरात फोरम राष्ट्रीय सफलताओं और उद्योग और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हासिल किए गए विकास के स्तर पर प्रकाश डालने का एक मंच है।
शेख मंसूर ने बताया, "हमारे देश की असाधारण प्रतिभा और क्षमताओं से सशक्त होकर हम अपने प्रज्ञ नेतृत्व द्वारा निर्धारित दृष्टिकोण को पूरा करते हुए राष्ट्रीय लक्ष्यों को प्राप्त करने की अपनी क्षमता में आश्वस्त हैं।"
राष्ट्रीय इन-कंट्री वैल्यू (ICV) कार्यक्रम के तहत नए निवेश और स्थानीय खरीद के अवसरों को प्रदर्शित करने के अलावा फोरम नवाचार और AI में रुझानों की खोज करता है।
पहले दो सफल संस्करणों की गति पर निर्माण करते हुए तीसरा मेक इट इन द अमीरात यूएई और विदेशों से निवेशकों, निर्माताओं, उद्योग विशेषज्ञों और नवप्रवर्तकों के वैश्विक दर्शकों को साथ लाता है।
फोरम का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को संपूर्ण विनिर्माण प्रक्रिया में कैसे एकीकृत किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त उपस्थित लोग व्यावहारिक संवाद सत्रों, पैनल चर्चाओं में भाग ले सकते हैं और औद्योगिक क्षेत्र को सशक्त बनाने और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में इसके योगदान को मजबूत करने के लिए डिजाइन की गई रोमांचक नई पहलों, लाभों और प्रगति के बारे में जान सकते हैं।
अनुवाद - पी मिश्र.