अबू धाबी, 5 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने कई पर्यावरणीय पहलों और अग्रणी विचारों की समीक्षा की, जो इस क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करके स्थिरता को बढ़ावा देने और प्राकृतिक संसाधनों को संरक्षित करने के लिए यूएई के प्रयासों को मजबूत करने में योगदान करते हैं।
यह बात विश्व पर्यावरण दिवस पर अबू धाबी के कसर अल बहर में हिज हाइनेस के स्वागत समारोह के दौरान कही गई, जिसमें हिज हाइनेस ने उद्यमियों, युवाओं और अधिकारियों के एक समूह को आमंत्रित किया, जो पर्यावरण संरक्षण और स्थिरता के क्षेत्र में नए पहलों व विचारों को लागू करने के लिए काम कर रहे हैं।
हिज हाइनेस ने इन पहलों के नेताओं से इनके महत्व, इन्हें बड़े पैमाने पर विकसित करने और क्रियान्वित करने की संभावनाओं तथा इनके द्वारा प्राप्त परिणामों के बारे में स्पष्टीकरण सुना।
हिज हाइनेस ने पर्यावरण संसाधनों को संरक्षित करने की आवश्यकता के बारे में जागरूकता बढ़ाने में ऐसे अभिनव समाधानों के महत्व की प्रशंसा की, जिसका उद्देश्य स्थायी और समृद्ध भविष्य का निर्माण करना है।
हिज हाइनेस ने इस बात पर जोर दिया कि यूएई इस संबंध में सभी योगदानों और पहलों से लाभ उठाने का इच्छुक है और साथ ही जलवायु परिवर्तन से निपटने में व्यक्तियों व समुदायों की भूमिका के बारे में अधिक समझ को बढ़ावा देना चाहता है।
हिज हाइनेस ने कहा कि पर्यावरण और उसके संसाधनों का संरक्षण सामुदायिक स्तर पर तथा वैश्विक स्तर पर एक सामूहिक जिम्मेदारी है।
अनुवाद - पी मिश्र.