अबू धाबी, 8 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- स्वास्थ्य एवं रोकथाम मंत्रालय (MOHAP) ने गर्भवती महिला के जीवन को सुरक्षित रखने, उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और यूएई में संचालित स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं की निगरानी बढ़ाने के लिए स्वीकार्य गर्भपात के परिभाषित मामलों तथा उनके नियंत्रण एवं प्रक्रियाओं की घोषणा की है।
मंत्रालय ने पुष्टि किया कि यूएई में स्वीकार्य गर्भपात के मामलों को परिभाषित करने और विनियमित करने के लिए नए नियंत्रण और प्रक्रियाएं जारी की गई हैं। नए विनियमन में यह प्रावधान है कि गर्भपात के अनुरोधों पर निर्णय एक समर्पित समिति द्वारा किया जाएगा, जो MOHAP या अमीरात के स्वास्थ्य प्राधिकरण के प्रमुख के निर्णय द्वारा प्रत्येक स्वास्थ्य प्राधिकरण के भीतर गठित की जाएगी।
समिति में 3 डॉक्टर होने चाहिए, जिनमें से एक प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ हो, दूसरा मनोरोग विशेषज्ञ हो तथा इसके अलावा लोक अभियोजन का एक प्रतिनिधि हो। समिति को आवश्यकता पड़ने पर उचित विशेषज्ञता वाले किसी तीसरे पक्ष से परामर्श करने की अनुमति है।
मंत्रालय ने कहा कि अगर गर्भावस्था जारी रखने से गर्भवती महिला के जीवन को खतरा हो, उसके जीवन को बचाने के लिए कोई वैकल्पिक तरीका न हो, या भ्रूण की विकृति गंभीर, सिद्ध हो और नवजात शिशु के स्वास्थ्य और जीवन को प्रभावित करे, तो गर्भपात प्रक्रिया की अनुमति है। इस मामले को एक विशेष चिकित्सा समिति द्वारा जारी की गई चिकित्सा रिपोर्ट द्वारा समर्थित किया जाना चाहिए। गर्भपात की अनुमति के कई अन्य मामलों को परिभाषित किया गया है, बशर्ते कि गर्भपात प्रक्रिया के समय गर्भावधि अवधि 120 दिनों से अधिक न हो।
विनियमन में यह भी प्रावधान है कि गर्भपात की प्रक्रिया केवल सक्षम स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा गर्भपात करने के लिए लाइसेंस प्राप्त स्वास्थ्य सुविधा में ही की जानी चाहिए, यह प्रक्रिया देश के भीतर अभ्यास करने के लिए लाइसेंस प्राप्त विशेषज्ञ प्रसूति-स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा की जानी चाहिए और गर्भपात ऐसी किसी भी चिकित्सा जटिलता से मुक्त होना चाहिए, जो गर्भवती महिला के जीवन को उच्च जोखिम में डाल सकती हो।
संबंधित स्वास्थ्य सेवा प्राधिकारी एक ऐसी नीति विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसमें उपर्युक्त मामलों के लिए गर्भपात प्रक्रिया के प्रभारी स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और दायित्वों का विवरण हो।
अनुवाद - पी मिश्र.