हमदान बिन मोहम्मद ने दुबई में सरकारी संस्थाओं में 22 मुख्य AI अधिकारियों की नियुक्ति की

दुबई, 9 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई के क्राउन प्रिंस और दुबई की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने कहा कि दुबई के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के नेतृत्व में दुबई सरकारी नवाचार में खुद को वैश्विक लीडर के रूप में स्थापित करने के अपने व्यापक दृष्टिकोण के रूप में AI-सक्षम सरकारी कार्यों के लिए एक अग्रणी मॉडल विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिज हाइनेस ने ये टिप्पणियां दुबई में विभिन्न सरकारी संस्थाओं में 22 मुख्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अधिकारियों की नियुक्ति के अवसर पर कीं, जो AI और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विशेष योजनाओं और कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।

शेख हमदान ने कहा, "हमने दुबई में सरकारी संस्थाओं में 22 मुख्य AI अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है, जो कि सरकारी कार्यों को बढ़ाने के लिए AI का लाभ उठाने के उद्देश्य से एक दूरदर्शी दृष्टिकोण का हिस्सा है। यह पहल इस क्षेत्र में दुबई की प्रगति और विशेषज्ञता को बढ़ाएगी और उन्नत प्रौद्योगिकी पर आधारित अभिनव समाधान बनाने में एक लीडर के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत करेगी।"

हिज हाइनेस ने कहा, "AI को तेजी से अपनाना इसके उपकरणों और अनुप्रयोगों के विकास के साथ हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के दृष्टिकोण की आधारशिला का प्रतिनिधित्व करता है, जिसका उद्देश्य दुबई को AI समाधानों के विकास और तैनाती के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।"

चीफ AI ऑफिसर का पद दुबई यूनिवर्सल ब्लूप्रिंट फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (DUB.AI) के तहत स्थापित किया गया था, जिसे निवासियों के जीवन की गुणवत्ता और कल्याण को समृद्ध करने के लिए डिजाइन किया गया था। इसके अतिरिक्त यह दुबई के भविष्य के लिए सबसे तैयार शहर बनने के प्रयास का सहयोग करता है और प्रौद्योगिकी व नवाचार के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में इसके नेतृत्व को मजबूत करता है।

DUB.AI का लक्ष्य AI शासन और कानून के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में अमीरात की स्थिति को मजबूत करना है और साथ ही रणनीतिक क्षेत्रों में AI अपनाने की सुविधा प्रदान करना है। इसके अतिरिक्त यह पहल वैश्विक AI तत्परता सूचकांक में दुबई की स्थिति को मजबूत करती है, जहां यह मौजूदा समय में शीर्ष 10 में स्थान रखता है।

नव नियुक्त मुख्य AI अधिकारी दुबई भर में कई सरकारी संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं जिनमें दुबई में सामुदायिक विकास प्राधिकरण, दुबई सरकार मानव संसाधन विभाग, दुबई सीमा शुल्क, दुबई पुलिस, न्यायिक परिषद, दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण, मोहम्मद बिन राशिद आवास प्रतिष्ठान, दुबई बिजली और जल प्राधिकरण, डिजिटल दुबई प्राधिकरण, दुबई में नागरिक सुरक्षा का सामान्य निदेशालय, दुबई डेटा व सांख्यिकी प्रतिष्ठान, दुबई स्वास्थ्य प्राधिकरण, सार्वजनिक अभियोजन, दुबई में प्रोटोकॉल विभाग, दुबई की सड़क व परिवहन प्राधिकरण, दुबई संस्कृति व कला प्राधिकरण, हमदान बिन मोहम्मद स्मार्ट विश्वविद्यालय, दुबई का अर्थव्यवस्था व पर्यटन विभाग, दुबई एम्बुलेंस सेवा निगम, दुबई में वित्त विभाग, एंडोमेंट्स व माइनर्स ट्रस्ट फाउंडेशन (Awqaf Dubai) और दुबई नगर पालिका शामिल हैं।

अनुवाद - पी मिश्र.