अबू धाबी, 11 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग और काउंटर टेररिज्म फाइनेंसिंग के कार्यकारी कार्यालय (EO AML/CTF) ने पहली बार अपनी वार्षिक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें वित्तीय अपराध के खिलाफ लड़ाई में यूएई के मजबूत प्रयासों और रणनीतिक पहलों का अवलोकन प्रदान किया गया है, ताकि इसकी वित्तीय और आर्थिक प्रणालियों की अखंडता व स्थिरता की रक्षा की जा सके।
रिपोर्ट में मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद के वित्तपोषण से निपटने में यूएई की प्रगति पर प्रकाश डाला गया है। इसमें राष्ट्रीय संस्थाओं की भूमिकाओं की रूपरेखा दी गई है, जिनमें धन शोधन निरोधक और आतंकवाद के वित्तपोषण का मुकाबला करने संबंधी राष्ट्रीय रणनीति की देखरेख करने वाली उच्च समिति और राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में EO AML/CTF के साथ पर्यवेक्षी प्राधिकरणों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के विभिन्न निकाय, समितियां और कार्य समूह शामिल हैं, जो राष्ट्रीय AML/CFT ढांचे की प्रभावशीलता व स्थिरता में योगदान देते हैं और उसे बढ़ाते हैं।
वार्षिक रिपोर्ट के प्रकाशन पर EO AML/CTF के महानिदेशक हामिद अल ज़ाबी ने कहा, "अपनी 2023 वार्षिक रिपोर्ट के साथ हम वित्तीय अपराध के खिलाफ लड़ाई में पारदर्शिता, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और निरंतर सुधार के लिए यूएई की प्रतिबद्धता और समर्पण की पुष्टि करते हैं। यूएई वित्तीय अखंडता को बनाए रखने, वैश्विक वित्तीय प्रणाली की रक्षा करने तथा अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा व स्थिरता में योगदान देने के अपने मिशन पर अडिग है। मुझे विश्वास है कि EO AML/CTF की इस रिपोर्ट में दी गई विस्तृत जानकारी हमारे घरेलू हितधारकों और हमारे अंतर्राष्ट्रीय साझेदारों के लिए रुचिकर व मूल्यवान है, जो साक्ष्य-आधारित संचार के प्रति यूएई की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।”
रिपोर्ट में EO AML/CTF की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया है, ताकि देश भर में वित्तीय अपराध जोखिमों की पहचान और शमन के लिए एकजुट एएमएल/सीएफटी रणनीति सुनिश्चित की जा सके, अंतरराष्ट्रीय निकायों के साथ सहयोग किया जा सके और इन खतरों से निपटने के लिए समर्पित वैश्विक मंचों में सक्रिय रूप से भाग लिया जा सके। इसमें राष्ट्रीय भागीदारों की क्षमताओं को बढ़ाने के उद्देश्य से की गई पहलों और स्थानीय व वैश्विक स्तर पर EO AML/CTF के प्रयासों के परिणामों में प्राप्त प्रगति को भी दर्शाया गया है।
रिपोर्ट के अंतिम भाग में यूएई में विभिन्न सक्षम अधिकारियों के योगदान का विवरण दिया गया है, जो अंतर्राष्ट्रीय AML/CFT मानकों को पूरा करने में प्रगति पर ध्यान केंद्रित करता है। यह पारस्परिक मूल्यांकन प्रक्रियाओं में यूएई की प्रगति और यूएई के वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (FATF) कार्य योजना के सफल समापन को रेखांकित करता है। इसके अतिरिक्त यह कानूनी उपायों और संस्थागत क्षमताओं को बढ़ाने, जोखिमों को कम करने के लिए निरंतर आकलन करने और वित्तीय अपराधों के खिलाफ प्रभावी उपायों को लागू करने के प्रयासों की रूपरेखा तैयार करता है। रिपोर्ट में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और रणनीतिक जुड़ाव को बढ़ावा देने वाली उपलब्धियाँ और मनी लॉन्ड्रिंग व आतंकवाद के वित्तपोषण का मुकाबला करने में अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और विभिन्न न्यायालयों के साथ सहयोग भी प्रस्तुत किया गया है।
रिपोर्ट EO AML/CTF की क्षमताओं को बढ़ाने में नवाचार और प्रौद्योगिकी की भूमिका पर जोर देती है, जिसमें दिखाया गया है कि कैसे आधुनिक समाधानों को राष्ट्रीय रणनीति में एकीकृत किया जा रहा है, जिससे वित्तीय अपराध के जोखिमों का पूर्वानुमान लगाने और प्रभावी ढंग से उनका जवाब देने में स्मार्ट प्रणालियों की चपलता सुनिश्चित हो रही है।
अनुवाद - पी मिश्र.