अबू धाबी के शीर्ष अनुसंधान केंद्र खाद्य और जल नवाचार को बढ़ावा देंगे

अबू धाबी, 11 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- अबू धाबी का नया खाद्य और जल क्लस्टर एग्रीफूड ग्रोथ एंड वाटर एबंडेंस (AGWA) यूएई की राजधानी के पांच प्रमुख विश्वविद्यालयों और प्रौद्योगिकी प्रदाताओं के साथ मिलकर नवाचार, प्रतिभा विकास और उन्नत अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहा है, जिसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर खाद्यान्न की कमी और जल सुरक्षा से निपटना है।

अबू धाबी आर्थिक विकास विभाग (ADDED) और अबू धाबी निवेश कार्यालय (ADIO) के नेतृत्व में AGWA नए खाद्य और सामग्री के साथ जल संसाधनों तक पहुंच बढ़ाने और उनके कुशल उपयोग को सक्षम करने वाली प्रौद्योगिकियों के लिए एक वैश्विक केंद्र बनने के लिए तैयार है। ADIO ने खाद्य और जल क्षेत्रों में नवाचार और स्थायी समाधान को बढ़ावा देने के लिए सहयोग करने हेतु उन्नत प्रौद्योगिकी अनुसंधान परिषद (ATRC), अबू धाबी निवेश प्राधिकरण लैब (ADIA Lab), खलीफा विश्वविद्यालय, संयुक्त अरब अमीरात विश्वविद्यालय (UAEU) और हब71 की विशेषज्ञता और संसाधनों को साथ लाया है।

शोध केंद्र भोजन और जल के भविष्य से संबंधित सफलताओं और प्रगति को उजागर करने में एक निर्णायक भूमिका निभाएंगे। यह वैकल्पिक प्रोटीन, कार्यात्मक अवयवों, शैवाल, खेती और रिवर्स ऑस्मोसिस झिल्ली के विकास जैसे क्षेत्रों में प्रगति को बढ़ावा देगा।

नवोन्मेषी AGWA क्लस्टर को स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं और निर्यातकों को समान रूप से सहायता प्रदान करने के लिए सावधानीपूर्वक डिजाइन किया गया है, जो वाणिज्यिक अवसरों को अधिकतम करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है। क्लस्टर का उद्देश्य बढ़ती वैश्विक मांग को पूरा करने, कृषि प्रणालियों पर दबाव कम करने, बदलते आहार पैटर्न को संबोधित करने, तकनीकी प्रगति का लाभ उठाने और वैश्विक खाद्य सुरक्षा का सहयोग करना है, जिससे भोजन और जल के लिए एक विश्वसनीय और लचीली आपूर्ति श्रृंखला सुनिश्चित हो सके।

पांचों अबू धाबी अनुसंधान-नेतृत्व वाली संस्थाएं अन्य AGWA कंपनियों के साथ मिलकर काम करेंगी, ताकि अत्याधुनिक समाधानों और प्रौद्योगिकियों के विकास में सहायता की जा सके, नवाचार और विकास को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रतिभा और विशेषज्ञता को बढ़ावा दिया जा सके और खाद्य व जल से संबंधित बाजार की मांगों और चुनौतियों को प्रभावित करने वाले उभरते रुझानों के बारे में जानकारी प्रदान की जा सके।

एडीआईओ के महानिदेशक बद्र अल ओलामा ने कहा, "अबू धाबी के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र की गहराई किसी भी कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण ताकत है, जो AGWA में शामिल होना चाहती है। यह समझौता छह विश्व स्तरीय संस्थानों से विशेषज्ञों की एक श्रृंखला को साथ लाता है, जिससे क्लस्टर कंपनियों को खाद्य सुरक्षा और जल प्रचुरता के लिए नवाचार करने और अभियान का नेतृत्व करने में सक्षम बनाया जा सके।"

ADIA लैब के निदेशक डॉ. होर्स्ट साइमन ने कहा, "ADIA लैब का निर्माण डेटा और कम्प्यूटेशनल विज्ञान के अध्ययन के माध्यम से समाज के कुछ सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों से निपटने के लिए किया गया था। AGWA क्लस्टर विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के बीच सहयोग को बढ़ावा देगा, जो वैश्विक और महत्वपूर्ण मुद्दे: भोजन और जल की कमी का समाधान खोजने के लिए मिलकर काम करेंगे। हम अग्रणी वैज्ञानिकों के अपने नेटवर्क का लाभ उठाने, अत्याधुनिक शोध परियोजनाओं का सहयोग करने और AGWA की सफलता में अपनी भूमिका निभाने के लिए ज्ञान-साझाकरण कार्यक्रमों की मेजबानी करने के लिए तत्पर हैं।"

खलीफा यूनिवर्सिटी के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. आरिफ सुल्तान अल हम्मादी ने कहा, "हम प्रमुख सरकारी, विनियामक और उद्योग हितधारकों तथा अग्रणी अनुसंधान संस्थानों के साथ सहयोग करके प्रसन्न हैं, ताकि हम कृषि खाद्य विकास और जल प्रचुरता (AGWA) क्लस्टर में योगदान दे सकें, जो खाद्य और जल सुरक्षा की वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। खलीफा विश्वविद्यालय के विविध अनुसंधान और उद्यम-उन्मुख प्रयास यूएई नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप हैं।”

हब71 के सीईओ अहमद अली अलवान ने कहा, "खाद्य व जल सुरक्षा अबू धाबी और यूएई के लिए एक महत्वपूर्ण विषय रहा है। नवोन्मेषी प्रौद्योगिकियां स्थायी खाद्य और जल प्रणालियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जो एक लचीले भविष्य के लिए आवश्यक हैं। इस नए क्लस्टर की स्थापना में अबू धाबी की अग्रणी पहल सहयोग को बढ़ावा देगी और इस क्षेत्र में परिवर्तनकारी प्रौद्योगिकियों के विकास को बढ़ावा देगी।"

साझेदार अनुसंधान और विकास गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने के लिए एक व्यापक ढांचा स्थापित करेंगे।

अबू धाबी में 24,000 से ज्यादा खेत हैं, जिनमें से 50 फीसदी अल ऐन क्षेत्र में हैं। AGWA क्लस्टर अबू धाबी में इस मजबूत पारंपरिक खेती के आधार और उन्नत खाद्य व जल उत्पादन विधियों में यूएई की राजधानी के नेतृत्व पर आधारित है।

AGWA 77.4 ट्रिलियन एईडी के विशाल उद्योग में शामिल है, जिसमें आर्थिक विकास और रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं हैं। 2045 तक AGWA से अबू धाबी की अर्थव्यवस्था में एईडी 90 बिलियन की वृद्धिशील GDP का योगदान करने, 62,000 नई नौकरियां सृजित करने और एईडी 128 बिलियन का निवेश आकर्षित करने की उम्मीद है।

अनुवाद - पी मिश्र.