दुबई, 12 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दुबई के न्यायिक निरीक्षण प्राधिकरण के तीन नए सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता की।
दुबई के प्रथम उप शासक, यूएई के उप प्रधानमंत्री व वित्त मंत्री और दुबई न्यायिक परिषद के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख मकतूम बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी दुबई के यूनियन हाउस में आयोजित समारोह में शामिल हुए।
शेख मोहम्मद ने नए न्यायाधीशों को उनकी भूमिकाओं में सफलता की कामना की और दुबई की न्यायिक दक्षता को बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने निष्पक्षता को बनाए रखने, समाज की रक्षा करने और कानून के शासन को बनाए रखने में न्यायाधीशों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
न्यायिक निरीक्षण प्राधिकरण के जिन सदस्यों ने शपथ ली उनमें डॉ. मुस्तफा अली खलफ मोहम्मद अमीन, डॉ. हुसैन अली सालेह अल-अमरी और डॉ. नासर मोहम्मद सबीतन अल-हलमा शामिल थे। नवनियुक्त अधिकारियों ने न्याय को बनाए रखने, कानून का पालन करने और अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने की शपथ ली।
समारोह में दुबई न्यायिक परिषद के उपाध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम अल शबानी, दुबई के अटॉर्नी जनरल चांसलर एसाम इस्सा अल हुमैदान, दुबई न्यायालयों के महानिदेशक डॉ. सैफ घनम अल सुवेदी और दुबई के न्यायिक निरीक्षण प्राधिकरण के निदेशक न्यायाधीश मोहम्मद मुबारक अल साबोसी ने भाग लिया।
WAM / संतोष कुमार