दुबई, 13 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई में श्रम बाजार के लिए समन्वय परिषद की पहली बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मानव संसाधन व अमीरात मंत्री डॉ. अब्दुल रहमान अल अवर ने की और इसमें अधिकारियों, स्थानीय सरकारी विभागों के प्रमुखों और संघीय सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित परिषद के सदस्यों ने भाग लिया।
परिषद का गठन यूएई में श्रम बाजार के लिए समन्वय परिषद की स्थापना के संबंध में 2024 के कैबिनेट निर्णय 25/3 के अनुसार किया गया था। इसे निजी क्षेत्र की कंपनियों, कर्मचारियों और घरेलू कामगारों से संबंधित कानून, नीतियों, रणनीतियों, कार्यक्रमों और पहलों की समीक्षा करने का काम सौंपा गया है।
परिषद श्रम बाजार से संबंधित संघीय और स्थानीय प्रणालियों, विनियमों और प्रक्रियाओं को संरेखित करने के लिए काम करती है, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय और एकीकरण सुनिश्चित होता है। यह देश की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता और नेतृत्व को बढ़ाने के लिए यूएई श्रम बाजार पर रिपोर्टों के साथ स्थानीय व अंतर्राष्ट्रीय आंकड़ों की भी समीक्षा करती है।
बैठक के दौरान, डॉ. अल अवर ने कहा, "यूएई में श्रम बाजार के लिए समन्वय परिषद की स्थापना संघीय और स्थानीय सरकारी संस्थाओं के बीच भूमिकाओं व जिम्मेदारियों को एकीकृत करने, संयुक्त सरकारी प्रणाली में प्रयासों को सुव्यवस्थित करने, श्रम बाजार में उपलब्धि को बढ़ावा देने, यूएई की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने और दुनिया में रहने, काम करने व निवेश करने के लिए सर्वोत्तम स्थान के रूप में देश की स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रज्ञ नेतृत्व के दृष्टिकोण को मजबूत करती है।"
उन्होंने कहा, "यह बैठक उन महत्वाकांक्षी लक्ष्यों और उद्देश्यों को प्राप्त करने की दिशा में पहला कदम है, जिनके लिए परिषद की स्थापना की गई थी।"
बैठक में संघीय पहचान, नागरिकता, सीमा शुल्क और बंदरगाह सुरक्षा प्राधिकरण में निवास और विदेशी मामलों के महानिदेशक मेजर जनरल सुल्तान अल नूमी, अर्थव्यवस्था मंत्रालय के अवर सचिव अब्दुल्ला अल सालेह, अबू धाबी कार्यकारी कार्यालय में कानूनी मामलों व विधान के महानिदेशक अब्दुल्ला खल्फान अल शम्सी, अबू धाबी आर्थिक विकास विभाग के अवर सचिव रशीद अब्दुलकरीम अल ब्लोशी, दुबई में सर्वोच्च विधान समिति के महासचिव अहमद बिन मेशर, शारजाह में श्रम मानक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष शेख मोहम्मद बिन सक्र अल कासिमी, उम्म अल क्वैयन सरकार की कार्यकारी परिषद के महासचिव हुमैद रशीद अल शम्सी और रास अल खैमाह आर्थिक विकास विभाग के महानिदेशक डॉ अब्दुलरहमान अल नकबी ने भाग लिया।
WAM / संतोष कुमार