NCM को एशिया के लिए विश्व मौसम विज्ञान संगठन का नया क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र नामित किया गया

अबू धाबी, 14 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- यूएई स्थित राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (NCM) को विश्व मौसम विज्ञान संगठन यानी (WMO) द्वारा क्षेत्र II (Asia) के लिए नए WMO क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र (RTC) के रूप में नामित किया गया है।

WMO कार्यकारी परिषद द्वारा अनुमोदित यह मान्यता अबू धाबी पॉलिटेक्निक (ADPoly) के सहयोग से NCM द्वारा प्रदान की गई सुविधाओं और कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा के बाद दी गई।

समीक्षा में न केवल राष्ट्रीय पाठ्यक्रमों के लिए बल्कि अंतर्राष्ट्रीय शॉर्ट पाठ्यक्रमों, कार्यशालाओं और सम्मेलनों के लिए भी प्रदान की जाने वाली शिक्षा के असाधारण मानकों पर प्रकाश डाला गया। ये अत्याधुनिक सुविधाएं मौसम, जलवायु और जल विज्ञान में क्षेत्रीय सहयोग व विशेषज्ञता के लिए एक केंद्र के रूप में काम करेंगी।

घोषणा के बाद NCM के महानिदेशक और WMO के अध्यक्ष डॉ. अब्दुल्ला अल मैंडोस ने कहा, "यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र में मौसम विज्ञान और जल विज्ञान संबंधी ज्ञान को आगे बढ़ाने के लिए यूएई की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह न केवल NCM के समर्पण को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्रीय सहयोग व वैज्ञानिक उन्नति के लिए यूएई की निरंतर खोज को भी दर्शाता है।"

उन्होंने कहा कि यह केंद्र महत्वपूर्ण मौसम, जलवायु और जल-संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए पेशेवरों को आवश्यक उपकरण प्रदान करेगा।

WMO के सदस्य सेवा व विकास विभाग के शिक्षा व प्रशिक्षण कार्यालय के वैज्ञानिक अधिकारी मुस्तफा अदिगुजेल ने कहा, "हम NCM के साथ मिलकर व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को क्रियान्वित करने के लिए तत्पर हैं, जो इस क्षेत्र की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करेंगे और साथ ही हमारे सदस्य देशों की तकनीकी क्षमताओं को बढ़ाएंगे।"

NCM उत्कृष्ट सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें कक्षाएं, बैठक कक्ष, WMO प्रकाशनों के साथ एक पुस्तकालय, सभी डेटा व उत्पादों तक पहुंच के साथ एक प्रयोगशाला, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों से सुसज्जित एक बड़ा सम्मेलन कक्ष, एक टीवी स्टूडियो, एक मीडिया केंद्र और एक अद्वितीय विज्ञान गुंबद शामिल हैं।

ADPoly के सहयोग से NCM राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय शॉर्ट पाठ्यक्रम प्रदान करता है और बैठकों, कार्यशालाओं व सम्मेलनों जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन करता है।

2014 में NCM और ADPoly ने यूएई के लिए मौसम संबंधी सेवाओं में कुशल जनशक्ति विकसित करने हेतु एक शैक्षिक बुनियादी ढांचे के निर्माण हेतु सहयोग किया था।

NCM भविष्य के मौसम विज्ञानियों, जलवायु विज्ञानियों और जल विज्ञानियों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करके छात्रों की शिक्षा में एक अभिन्न भूमिका निभाता है। NCM में ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण और उद्योग भागीदारों के साथ सहयोग के माध्यम से छात्र अपने करियर के लिए आवश्यक व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करते हैं।

WAM / संतोष कुमार