दुबई, 18 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने कहा कि राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान के नेतृत्व में और अपने लोगों के समर्पित प्रयासों के माध्यम से यूएई प्रत्येक साल अपनी स्थिति में सुधार कर रहा है और विभिन्न वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता संकेतकों में उच्च रैंक प्राप्त कर रहा है।
हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद ने कहा, "स्विट्जरलैंड में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर मैनेजमेंट डेवलपमेंट द्वारा जारी सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता रिपोर्टों में से एक में यूएई तीन स्थान ऊपर उठकर वैश्विक स्तर पर सातवें स्थान पर पहुंच गया है। 2024 विश्व प्रतिस्पर्धात्मकता रिपोर्ट में 90 से अधिक प्रमुख और उप-संकेतकों में यूएई वैश्विक स्तर पर शीर्ष दस में भी शामिल है।"
हिज हाइनेस ने कहा, "हम सरकार, अर्थव्यवस्था और विकास क्षेत्र की सभी टीमों को धन्यवाद देते हैं, जो यूएई की प्रगति के एक ही लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक भावना के साथ काम करते हैं।"
पिछले साल शीर्ष 10 में प्रवेश करने की उपलब्धि के आधार पर यूएई ने 2024 विश्व प्रतिस्पर्धात्मकता रिपोर्ट में उल्लेखनीय उछाल लगाई है और नॉर्वे, आइसलैंड, जापान, कनाडा और फिनलैंड से आगे होकर विश्व स्तर पर तीन स्थान आगे बढ़ते हुए 7वें स्थान पर पहुंच गया है।
यूएई ने रिपोर्ट के विभिन्न स्तंभों पर असाधारण प्रदर्शन किया, आर्थिक प्रदर्शन में विश्व स्तर पर दूसरा स्थान, सरकारी दक्षता में चौथा और व्यवसाय दक्षता में 10वां स्थान प्राप्त किया।
कैबिनेट मामलों के मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल्ला अल गर्गावी ने कहा, "इस महत्वपूर्ण रिपोर्ट में सबसे आगे यूएई की निरंतर उपस्थिति दुनिया की सबसे प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में इसकी स्थिति को दर्शाती है। राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान की असाधारण दृष्टि व प्रज्ञ नेतृत्व और उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के मार्गदर्शन ने यूएई को चल रहे वैश्विक परिवर्तनों के अनुकूल एक अग्रणी विकासात्मक मॉडल बना दिया है। यह यूएई सरकार प्रणाली की दक्षता, इसके कारोबारी माहौल की लचीलापन और इसके बुनियादी ढांचे की तत्परता को दर्शाता है।"
परिणामों पर बात करते हुए संघीय प्रतिस्पर्धात्मकता और सांख्यिकी केंद्र के प्रबंध निदेशक हनान मंसूर अहली ने संघीय व स्थानीय संस्थाओं के बीच वास्तविक समय के डेटा और सांख्यिकी विनिमय के एकीकरण व प्रशासन की प्रशंसा की।
अहली ने कहा, "यह उपलब्धि भविष्य की सरकार के दृष्टिकोण और निर्देशों को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध समर्पित टीमों के कारण है, जो यूएई के नेतृत्व को मजबूत करती है। ये परिणाम यूएई में प्रतिस्पर्धात्मक संस्कृति के ठोस सिद्धांतों को दर्शाते हैं।"
अनुवाद - पी मिश्र.