दुबई, 19 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दुबई के यूनियन हाउस में एमिरेट्स एयरलाइन और समूह के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।
यह बैठक दुबई के प्रथम उप शासक, उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री हिज हाइनेस शेख मकतूम बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम और दुबई नागरिक विमानन प्राधिकरण के अध्यक्ष और एमिरेट्स एयरलाइन व समूह के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी हिज हाइनेस शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम की उपस्थिति में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान, हिज हाइनेस ने संगठन की उपलब्धियों की प्रशंसा की, जिससे एक अग्रणी वैश्विक एयरलाइन के रूप में इसकी स्थिति मजबूत हुई है और यह अंतर्राष्ट्रीय विमानन उद्योग में उत्कृष्टता का एक उत्कृष्ट मॉडल बन गया है।
हिज हाइनेस शेख मोहम्मद ने हाल के सालों में एमिरेट्स के रिकॉर्ड नतीजों की प्रशंसा की, जिसमें दुबई की स्थिति को वैश्विक व्यापार केंद्र और निवेश व पर्यटन के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में मजबूत करने में एयरलाइन की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने दुबई आर्थिक एजेंडा D33 के उद्देश्यों को साकार करने में एयरलाइन की महत्वपूर्ण भूमिका की भी प्रशंसा की, जिसने दुबई के आर्थिक नेटवर्क का विस्तार करने के लिए हवाई परिवहन उद्योग में अपनी महत्वपूर्ण क्षमताओं का लाभ उठाया, जिससे 2033 तक एमिरेट्स के विदेशी व्यापार की मात्रा को दोगुना करने के लक्ष्य में योगदान मिला।
हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद को हिज हाइनेस शेख अहमद बिन सईद ने एमिरेट्स की भविष्य की योजनाओं और प्रमुख पहलों के बारे में जानकारी दी, जिसमें उनके विमान बेड़े का विस्तार करने, मौजूदा विमानों को उन्नत करने, आतिथ्य, कार्गो और ग्राउंड हैंडलिंग में क्षमताओं को बढ़ाने, परिचालन का सहयोग करने के लिए उन्नत प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाने, प्रशिक्षण व कर्मचारी विकास कार्यक्रमों का विस्तार करने और समूह के भीतर स्थिरता पहल को आगे बढ़ाना शामिल है।
हिज हाइनेस को एमिरेट्स एयरलाइन के अध्यक्ष सर टिम क्लार्क ने समूह की हालिया उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी, जिसमें मुनाफे और राजस्व में नए रिकॉर्ड स्थापित करना शामिल है। ये उपलब्धियाँ एयरलाइन के उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों और सेवाओं के लिए ग्राहकों की मजबूत मांग को पूरा करने के लिए परिचालन के वैश्विक विस्तार से प्रेरित थीं।
समूह के 2023-24 के परिणामों में रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन शामिल है, जो हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की दूरदर्शी दृष्टि और दुबई सरकार की प्रभावशाली नीतियों का प्रमाण है, जिसने इन उपलब्धियों को संभव बनाया।
बैठक के अंत में हिज हाइनेस ने एमिरेट्स एयरलाइन और समूह के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक स्मृति फोटो खिंचवाई और उन्हें उनके दायित्वों में सफलता और उत्कृष्टता प्राप्त करने के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।
अनुवाद - पी मिश्र.