अबू धाबी, 21 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- अगले सोमवार को अबू धाबी सांस्कृतिक फाउंडेशन में एक विशेष ऑर्केस्ट्रा संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसका समन्वय व सहयोग जायद हायर ऑर्गनाइजेशन और अमीरात संगीतकार एसोसिएशन के बीच होगा।
पहली बार इस संगीत समारोह में वाद्ययंत्र बजाने और गायन के क्षेत्र में पांच प्रतिभाशाली दिव्यांग लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी होगी, जिसमें तीन महाद्वीपों के 10 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 70 से अधिक संगीतकार शामिल होंगे, जिनमें 20 अमीराती कलाकार भी शामिल होंगे।
यह संगीत समारोह दिव्यांग लोगों को सशक्त बनाने तथा विभिन्न कलात्मक व सांस्कृतिक क्षेत्रों में उनकी अद्वितीय प्रतिभाओं और क्षमताओं को उजागर करने के लिए संगठन के चल रहे प्रयासों का हिस्सा है।
जायद हायर ऑर्गनाइजेशन फॉर पीपुल ऑफ डिटरमिनेशन के महासचिव अब्दुल्ला अल हुमेदान ने कहा, "हमें युवा कलाकारों और संगीतकारों के इस प्रतिभाशाली समूह पर बहुत गर्व है, जो विशेष योग्यता वाले दिव्यांग लोगों की विभिन्न श्रेणियों से प्रतिभावान हैं, जिन्होंने दिव्यांग लोगों को सहयोग देने की हमारी रणनीति के तहत संगठन की अनूठी पहल 'टैलेंटेड डिटरमिनेशन' के ऑडिशन और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है।"
"हमारा लक्ष्य उनके लिए एक समावेशी वातावरण प्रदान करने और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में शामिल करना है, ताकि समाज के अभिन्न अंग के रूप में दिव्यांग लोगों को सशक्त बनाने में अबू धाबी की अग्रणी स्थिति को मजबूत किया जा सके।"
संगीतकार तथा अमीरात संगीतकार एसोसिएशन के संस्थापक व अध्यक्ष इहाब मोहम्मद दरविश ने कहा, "हम जायद हायर ऑर्गेनाइजेशन फॉर पीपुल ऑफ डिटरमिनेशन के साथ इस पहले सहयोग का स्वागत करते हैं, जो एसोसिएशन के सदस्यों के साथ उल्लेखनीय कलात्मक और संगीत प्रतिभा रखने वाले दिव्यांग लोगों को एकीकृत करने और सशक्त बनाने में संगठन और एसोसिएशन दोनों के दृष्टिकोण को बढ़ाता है।"
अनुवाद - पी मिश्र.