दुबई, 23 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई के सड़क एवं परिवहन प्राधिकरण यानी (RTA) ने ITS सुधार एवं विस्तार परियोजना के दूसरे चरण का अध्ययन एवं डिजाइन शुरू कर दिया है।
इस चरण का उद्देश्य अमीरात की 100 प्रतिशत मुख्य सड़कों को कवर करने और नई प्रज्ञ प्रौद्योगिकियों और सॉफ्टवेयर जैसे कि सहकारी प्रज्ञ परिवहन प्रणाली यानी (C-ITS) को अपनाने, उन्नत ITS प्रौद्योगिकियों के उपयोग का विस्तार करने और परिवहन के क्षेत्र में अग्रणी शहरों के साथ बेंचमार्किंग अध्ययन आयोजित करना है।
यह उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के निर्देशों के अनुरूप है, जिसमें इंटेलिजेंट ट्रैफिक सिस्टम (ITS) के दायरे का विस्तार करने और दुनिया का सबसे स्मार्ट शहर बनने के दुबई के प्रयासों का सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।
RTA के कार्यकारी निदेशक मंडल के अध्यक्ष एवं महानिदेशक मटर अल टायर ने कहा, "इंटेलिजेंट ट्रैफिक सिस्टम परियोजना के दूसरे चरण से मुख्य सड़क नेटवर्क का कवरेज मौजूदा 60 फीसदी से बढ़कर 2026 तक 100 फीसदी हो जाएगा। तदनुसार, सिस्टम द्वारा कवर किए गए सड़क नेटवर्क की लंबाई 480 किलोमीटर से बढ़कर 710 किलोमीटर हो जाएगी।”
परियोजना की विशेषताओं और प्रभाव को बताते हुए अल टायर ने कहा, "परियोजना के प्रारंभिक चरण में 116 यातायात निगरानी कैमरे लगाना, जिससे कुल कैमरों की संख्या 311 हो जाएगी, 100 घटना निगरानी व वाहन गणना उपकरणों की स्थापना, जिससे कुल उपकरणों की संख्या 227 हो जाएगी, 112 परिवर्तनीय संदेश संकेत (VMS) स्थापित करना जो सड़क की स्थिति के बारे में वास्तविक समय की जानकारी प्रसारित करते हैं, 115 यात्रा समय और गति माप उपकरणों को लगाना, 17 मौसम सेंसर स्टेशन स्थापित करना और 660 किलोमीटर बिजली लाइनों और 820 किलोमीटर की कुल लंबाई के फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क का निर्माण करना शामिल है।”
"इस परियोजना ने घटना की निगरानी में 63 फीसदी सुधार किया है, प्रतिक्रिया समय में 30 फीसदी की कमी की है, यातायात प्रवाह में वृद्धि की है, यातायात प्रबंधन दक्षता में वृद्धि की है और परिवर्तनीय संदेश संकेतों (VMS) के माध्यम से यात्रा समय में 20 फीसदी की कमी की है। इन परिणामों को VMS का उपयोग करके एंटरप्राइज कमांड व कंट्रोल सेंटर और दुबई पुलिस जनरल मुख्यालय के साथ बेहतर लिंकेज और एकीकरण द्वारा सुगम बनाया गया।"
अनुवाद - पी मिश्र.