अब्दुल्ला बिन जायद और भारत के विदेश मंत्री ने रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की

अबू धाबी, 23 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- विदेश मंत्री हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान ने डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर को भारत के विदेश मंत्री के रूप में उनकी पुनर्नियुक्ति पर बधाई दी।

यूएई के शीर्ष राजनयिक ने अबू धाबी में डॉ. एस. जयशंकर का कार्यकारी रात्रिभोज में स्वागत किया, जिसमें उन्होंने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्री संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। उन्होंने यूएई और भारत के बीच व्यापक रणनीतिक व आर्थिक साझेदारी के तहत द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की।

हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला और डॉ. जयशंकर ने अर्थव्यवस्था, व्यापार, निवेश, शिक्षा, संस्कृति, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन सहित सभी क्षेत्रों में संयुक्त सहयोग को मजबूत करने के लिए दोनों देशों के प्रयासों पर चर्चा की।

शेख अब्दुल्ला ने जोर देकर कहा कि यूएई और भारत के बीच मजबूत व रणनीतिक साझेदारी है, जिसकी पहचान द्विपक्षीय सहयोग में बढ़ती गति से है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग का उद्देश्य दोनों देशों और उनके नागरिकों के लिए व्यापक विकास व सतत आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना है।

शेख अब्दुल्ला ने कहा, "2017 में दोनों देशों के बीच संबंध व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक पहुंच गए। इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम ने आपसी समझ, विश्वास, सम्मान और साझा हितों की ठोस नींव पर आधारित पहले से ही मजबूत संबंधों को और मजबूत किया है।"

उन्होंने कहा, “मई 2022 में शुरू किए गए यूएई-भारत व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) ने आर्थिक और व्यापार सहयोग को काफी बढ़ावा दिया है, जो दोनों देशों के राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों का सहयोग करता है।”

संबंधित संदर्भ में हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला और डॉ. जयशंकर ने अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के भीतर सहयोग के क्षेत्रों पर बात की और साथ ही मध्य पूर्व की स्थिति सहित मौजूदा क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान भी किया।

WAM / संतोष कुमार