Africa50 ने IRENA के ETAF मंच में शामिल होकर अफ्रीका में नवीकरणीय ऊर्जा की तैनाती में तेजी लाने के लिए 100 मिलियन डॉलर देने का संकल्प लिया

वियना, 25 जून 2024 (डब्ल्यूएएम) -- इंटरनेशनल रिन्यूएबल एनर्जी एजेंसी (IRENA) ने अखिल अफ्रीकी बुनियादी ढांचा निवेशक और परिसंपत्ति प्रबंधन समूह Africa50 के साथ एक ऐतिहासिक सहयोगात्मक साझेदारी की है।

समझौते के रूप में Africa50 ने IRENA के ऊर्जा संक्रमण त्वरक वित्तपोषण (ETAF) मंच के माध्यम से पूरे अफ्रीका में नवीकरणीय ऊर्जा आधारित ऊर्जा संक्रमण परियोजनाओं व बुनियादी ढांचे को वित्तपोषित करने और सह-वित्तपोषित करने के लिए 100 मिलियन डॉलर तक की प्रतिबद्धता जताई है, जिससे पूरे महाद्वीप में सतत विकास और जलवायु कार्रवाई की दिशा में प्रयासों को बल मिलेगा।

इस समझौते पर आज वियना में ओपेक फंड डेवलपमेंट फोरम के अवसर पर IRENA के महानिदेशक फ्रांसेस्को ला कैमरा और Africa50 के सीईओ एलेन एबोबिसे द्वारा हस्ताक्षर किए गए।

ला कैमरा ने कहा, "एक दशक में पहली बार नए आंकड़ों से पता चलता है कि बिजली तक पहुंच से वंचित लोगों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। चूंकि उप-सहारा अफ्रीका के लोग इससे प्रभावित हैं, इसलिए हमें इस बढ़ते मुद्दे का तत्काल समाधान करने के लिए तत्पर और प्रतिबद्ध होना चाहिए। नवीकरणीय ऊर्जा सबसे प्रभावी, जलवायु-सुरक्षित समाधान उपलब्ध कराती है और Africa50 के साथ यह साझेदारी पूरे अफ्रीका में ETAF प्लेटफॉर्म के प्रभाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण होगी।"

Africa50 के सीईओ एलेन एबोबिसे ने कहा, "महाद्वीप को उत्सर्जन कम करने और आर्थिक विकास में तेजी लाने के दोहरे लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। परिवर्तनकारी नवीकरणीय बुनियादी ढांचे में निवेश करने और उसका विकास करना नेट-जीरो हासिल करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। IRENA ETAF प्लेटफॉर्म नवीकरणीय परियोजनाओं में हमारे निवेश को बढ़ाने और तेज करने के लिए एक महत्वपूर्ण लॉन्चपैड होगा, जो अंततः हमारे लोगों पर जलवायु परिवर्तन के नकारात्मक प्रभाव को कम करेगा और अधिक स्तायी भविष्य बनाने में मदद करेगा।"

यूएई के सहयोग से 2021 में स्थापित ETAF मंच का उद्देश्य विकासशील देशों में राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (NDC) में योगदान देने वाली नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देना है और साथ ही बढ़ी हुई ऊर्जा पहुंच और सुरक्षा के माध्यम से समुदायों को लाभ पहुंचाना व आर्थिक विकास और विविधीकरण को बढ़ावा देना है।

Africa50 के शामिल होने के साथ ही ETAF प्लेटफ़ॉर्म में 14 भागीदार शामिल हो गए हैं, जिन्होंने कुल 4.15 बिलियन डॉलर का वचन दिया है, जो अक्षय ऊर्जा आधारित संक्रमण के लिए सबसे समावेशी वित्तपोषण प्लेटफ़ॉर्म में से एक के रूप में इसकी भूमिका को उजागर करता है। यह साझेदारी ETAF प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से परियोजना प्रस्तावों को आकर्षित करने के लिए IRENA की वैश्विक सदस्यता और परियोजना विकास और इक्विटी वित्तपोषण में Africa50 की विशेषज्ञता का लाभ उठाती है।

इस साल के अंत में 1 सितंबर, 2024 को IRENA केन्याई सरकार के साथ अफ्रीका में नवीकरणीय ऊर्जा के लिए त्वरित भागीदारी (APRA) निवेश फोरम की सह-मेजबानी करेगा, ताकि एक क्यूरेटेड मैचमेकिंग कार्यक्रम के माध्यम से परियोजना डेवलपर्स को संभावित वित्तपोषकों से जोड़ा जा सके और साथ ही APRA विकास लक्ष्यों के सहयोग में APRA भागीदारों और अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों से आने वाली परियोजनाओं को भी जोड़ा जा सके।

अनुवाद - पी मिश्र.