अबू धाबी, 1 जुलाई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- विदेश मंत्री और शिक्षा एवं मानव संसाधन परिषद के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान ने सलामा बिन्त हमदान अल नहयान फाउंडेशन की अध्यक्ष और शिक्षा एवं मानव संसाधन परिषद के उपाध्यक्ष हिज हाइनेस शेखा मरियम बिन्त मोहम्मद बिन जायद अल नहयान की उपस्थिति में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित परिषद की बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक के एजेंडे में 2023-2024 शैक्षणिक वर्ष के परिणामों को मंजूरी देने, छात्रों के प्रदर्शन को बढ़ाने और शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के उद्देश्य से विकास योजनाओं पर चर्चा करना शामिल था, ताकि इसे अकादमिक उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके।
शेख अब्दुल्ला ने शैक्षणिक वर्ष के सफल समापन पर छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, शैक्षिक लीडर्स और परिषद के सदस्यों को बधाई देते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने विशेष रूप से उन उत्कृष्ट छात्रों की प्रशंसा की, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत व समर्पण के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, इन असाधारण छात्रों के पेरेंट्स के महत्वपूर्ण प्रयासों की प्रशंसा की और उच्च मानकों को बनाए रखने व प्राप्त करने के लिए आगामी शैक्षणिक वर्ष में निरंतर दृढ़ता को प्रोत्साहित किया।
उन्होंने पूरे शैक्षणिक वर्ष के दौरान विद्यार्थियों को सहयोग, प्रोत्साहन और प्रेरणा देने में अभिभावकों व शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया।
शेख अब्दुल्ला ने कहा, "विकास और सुधार की हमारी यात्रा जारी है। हम शिक्षा क्षेत्र को उच्चतम मानकों तक बढ़ाने के लिए हमारे सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करना जारी रखेंगे। शैक्षणिक वर्ष का अंत हमें इन चुनौतियों की पहचान करने, अपने प्रदर्शन मीट्रिक की समीक्षा करने, अपनी योजनाओं को परिष्कृत करने, अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने और अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अपनी रणनीतियों को संरेखित करने का एक मूल्यवान अवसर प्रदान करता है।"
हिज हाइनेस शेखा मरियम ने शैक्षणिक वर्ष के लिए सीखने की प्रक्रिया के सफल समापन पर छात्रों, स्नातकों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने उन छात्रों को भी बधाई दी जिन्होंने इस शैक्षणिक वर्ष के अंत में अच्छी प्रगति की और अपने प्रयासों का फल प्राप्त किया। उन्होंने पेरेंट्स की रुचि और भागीदारी के कारण अपने बच्चों की उत्कृष्टता पर पड़ने वाले प्रभाव की प्रशंसा की।
शेखा मरियम ने शिक्षकों, स्कूल लीडर्स और शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले सभी लोगों को छात्रों को सहयोग देने व उन्हें अपने शैक्षणिक लक्ष्यों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करने के लिए किए गए प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
बैठक के दौरान, परिषद ने सरकारी स्कूलों के लिए 2023-2024 शैक्षणिक वर्ष के अंतिम वर्ष के परिणामों और उत्तीर्ण होने के मानदंडों को मंजूरी दी। यह रिपोर्ट सार्वजनिक शिक्षा और उन्नत प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री और अमीरात स्कूल स्थापना की अध्यक्ष सारा अल अमीरी द्वारा प्रस्तुत विस्तृत विश्लेषण के साथ परीक्षा उल्लंघनों और परीक्षण प्रणाली के उल्लंघनों की निगरानी करने वाली रिपोर्टों पर आधारित थी।
मानदंडों में शैक्षणिक वर्ष के अंत में एक बार पुनः परीक्षा आयोजित करने और परिणामों को शैक्षणिक वर्ष के अंत में बिना किसी परिवर्तन के अनुमोदन के लिए विशेषज्ञ टीमों द्वारा समीक्षा व लेखा परीक्षा की एक स्पष्ट श्रृंखला से गुजरना शामिल है। इससे मूल्यांकन में पारदर्शिता के उच्चतम मानकों का अनुप्रयोग सुनिश्चित होता है, जिससे अभिभावकों को अपने बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धि की सटीक तस्वीर मिलती है और वे उनकी प्रगति पर निरंतर निगरानी रख पाते हैं।
प्रस्तुति में अमीरात स्कूल प्रतिष्ठान द्वारा छात्रों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने और शिक्षा के परिणामों को बढ़ाने के लिए लागू की गई योजनाओं और कार्यक्रमों को शामिल किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों, स्कूलों और सरकारी शिक्षा प्रणाली को समग्र रूप से विकसित करना है।
परिषद ने अगले शैक्षणिक वर्ष 2024-2025 के लिए छात्र प्रदर्शन मूल्यांकन नीति के प्रस्तावित अपडेट को भी मंजूरी दी, जिन्हें अमीरात स्कूल प्रतिष्ठान द्वारा पिछले अपडेट से सीखे गए सबक के आधार पर विकसित किया गया था, जिसका उद्देश्य विभिन्न तरीकों से छात्र के प्रदर्शन का आकलन करने और शिक्षण कर्मचारियों को सुधार के प्रमुख क्षेत्रों की पहचान करने में सक्षम बनाना है ताकि वे छात्रों को उच्चतम परिणाम प्राप्त करने में सहायता कर सकें।
बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. अहमद बेलहौल अल फलासी, सामुदायिक विकास मंत्री शम्मा बिन्त सुहैल फारिस अल मजरूई, मानव संसाधन और अमीरातीकरण मंत्री डॉ. अब्दुल रहमान अल अवर, लोक शिक्षा और उन्नत प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री सारा अल अमीरी, प्रारंभिक शिक्षा राज्य मंत्री सारा मुसलाम, अबू धाबी में वित्त विभाग के अध्यक्ष जसीम बु अताबा अलजाबी, शिक्षा और मानव संसाधन परिषद के महासचिव हाजर अल थेहली, दुबई में ज्ञान और मानव विकास प्राधिकरण की महानिदेशक आयशा मीरान और शारजाह निजी शिक्षा प्राधिकरण की अध्यक्ष डॉ. मुहद्दिता अल हाशिमी ने भाग लिया।
अनुवाद - पी मिश्र.