CBUAE ने वित्तीय क्षेत्र में ‘जीरो ब्यूरोक्रेसी’ को प्राप्त करने के लिए समाधान और पहल की

अबू धाबी, 1 जुलाई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- संयुक्त अरब अमीरात के सेंट्रल बैंक (CBUAE) ने वित्तीय क्षेत्र में अपनी "जीरो ब्यूरोक्रेसी" पहल शुरू की है, जो यूएई सरकार के व्यापक कार्यक्रम "जीरो गवर्नमेंट ब्यूरोक्रेसी" के दृष्टिकोण और उद्देश्यों के अनुरूप है।

इस पहल का उद्देश्य सरकारी प्रक्रियाओं में एक महत्वपूर्ण कदम उठाने, लोगों के जीवन को सरल बनाने और समय, प्रयास व संसाधनों के संदर्भ में व्यवसायों और व्यक्तियों पर अनावश्यक बोझ को कम करना है।

CBUAE ने प्रधानमंत्री कार्यालय के सहयोग से जीरो गवर्नमेंट ब्यूरोक्रेसी कार्यक्रम को लागू करने के लिए तंत्र पर चर्चा करने के लिए एक कार्यशाला आयोजित की। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कम से कम 2,000 सरकारी प्रक्रियाओं को खत्म करने, प्रक्रिया के समय को कम से कम 50 फीसदी तक कम करने और सभी अनावश्यक प्रक्रियाओं और आवश्यकताओं को हटाना है।

इस कार्यशाला के दौरान, प्रतिभागियों ने प्रक्रियाओं को सरल और कम करके नौकरशाही को खत्म करने, सेवा वितरण में तेजी लाने और सरकारी प्रक्रियाओं के नए पैटर्न को नया रूप देने के उद्देश्य से कई पहलों और योजनाओं पर चर्चा की। इन पहलों और प्रक्रियाओं का उद्देश्य परिचालन दक्षता को बढ़ाने और वित्तीय क्षेत्र में ग्राहकों और भागीदारों को प्रदान की जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना है।

इसके अतिरिक्त CBUAE युवा परिषद और हैप्पीनेस समिति सीबीयूएई के कर्मचारियों और विभिन्न विभागों के बीच सक्रिय रूप से संवाद की सुविधा प्रदान कर रही है ताकि CBUAE के दृष्टिकोण और संगठनात्मक मूल्यों के अनुरूप जीरो गवर्नमेंट ब्यूरोक्रेसी कार्यक्रम की देखरेख करने वाली आंतरिक समिति के साथ अपने व्यावहारिक विचारों और प्रस्तावों को साझा किया जा सके।

CBUAE ने सभी लाइसेंस प्राप्त वित्तीय संस्थानों को एक नोटिस जारी कर कार्यक्रम में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित किया है, जिसमें CBUAE द्वारा आयोजित कार्यशाला में कदम उठाने और चर्चा करने के लिए कहा गया है, जिसका उद्देश्य वित्तीय उद्योग में ग्राहकों और व्यापार क्षेत्र को प्रदान की जाने वाली सेवाओं से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल व तेज करना है।

CBUAE के गवर्नर खालिद मोहम्मद बलमा ने कहा, "जीरो गवर्नमेंट ब्यूरोक्रेसी कार्यक्रम एक एकीकृत, अभिनव और दूरदर्शी सरकारी पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के हमारे नेतृत्व के दृष्टिकोण को दर्शाता है। CBUAE के भीतर नौकरशाही को खत्म करना एक सतत प्रक्रिया है जिसका उद्देश्य वित्तीय क्षेत्र में विकास और सफलता को बढ़ावा देना है। यह पहल उपभोक्ताओं, ग्राहकों और व्यवसायों के लिए समान रूप से सकारात्मक प्रभाव डालेगी और "वी द यूएई 2031" विजन की उपलब्धि का सहयोग करेगी जिसका उद्देश्य यूएई सरकार को वैश्विक स्तर पर एक अग्रगामी पारिस्थितिकी तंत्र बनाना है।"

अनुवाद - पी मिश्र.