अबू धाबी, 3 जुलाई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- अमीरात नेचर-WWF ने प्रकृति और पर्यावरण पर यूएई समुदाय को प्रशिक्षित करने के लिए 'नेचर्स रेजिलिएंस' नाम से अपनी दूसरी मुफ्त ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण श्रृंखला शुरू की है।
लीडर्स ऑफ चेंज कार्यक्रम के रूप में आयोजित यह श्रृंखला प्रकृति प्रेमियों और परिवर्तनकर्ताओं को पर्यावरणीय मुद्दों और संरक्षण समाधानों के बारे में ज्ञान से लैस करती है, जो एक स्थायी भविष्य की दिशा में योगदान करते हैं।
10 आकर्षक सत्रों के माध्यम से नेचर्स रेजिलिएंस यूएई में जीवन की समृद्ध टेपेस्ट्री की वर्चुअल खोज प्रदान करता है। विशाल रेगिस्तानी रेत और छिपे हुए नखलिस्तानों से लेकर मीठे जल के आवासों और तटीय क्षेत्रों तक प्रतिभागियों को स्थानीय प्रकृति को पहले से कहीं ज़्यादा जानने का मौका मिलेगा और जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन और हमारी अपनी भलाई के बीच जटिल संबंधों के बारे में पता चलेगा।
मास्टरक्लास और विशेषज्ञ-नेतृत्व वाली कार्यशालाओं की एक इंटरैक्टिव श्रृंखला के माध्यम से प्रतिभागियों को जलवायु परिवर्तन को कम करने और यूएई की प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने में जैव विविधता संरक्षण और स्थायी प्रबंधन प्रथाओं के महत्व की समझ हासिल होगी।
इसके अलावा प्रतिभागियों को इस बारे में बेहतर समझ मिलेगी कि वे पर्यावरण विशेषज्ञों और स्थानीय संरक्षण प्रयासों का किस तरह से सहयोग कर सकते हैं। कम से कम सात सत्र पूरे करने वाले प्रतिभागियों को यूएई में पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को मान्यता देते हुए एक प्रमाण पत्र मिलेगा।
अमीरात नेचर-WWF में संरक्षण आउटरीच और नागरिक विज्ञान प्रमुख अरबेला विलिंग ने बताया, “हमें नेचर्स रेजिलिएंस श्रृंखला को लॉन्च करते हुए खुशी हो रही है, जो पिछली गर्मियों की जलवायु प्रशिक्षण श्रृंखला की सफलता पर आधारित है। दस सप्ताह से अधिक समय तक हम जीवन की शानदार विविधता का पता लगाएंगे, जिसने यूएई के शुष्क रेगिस्तानों, चट्टानी पहाड़ियों, घुमावदार वादियों और जीवंत तटीय लैगूनों में पनपने के लिए खुद को अनुकूलित किया है।”
यह श्रृंखला पिछले साल की जलवायु और प्रकृति श्रृंखला की लोकप्रियता और सफलता पर आधारित है, जिसने प्रमुख पर्यावरणीय मुद्दों पर लगभग 1,000 व्यक्तियों को प्रशिक्षित किया और 98 फीसदी की असाधारण संतुष्टि रेटिंग हासिल की। प्रतिभागियों ने सात कार्यक्रमों में भाग लिया, जिनका नेतृत्व अमीरात नेचर-WWF, अबू धाबी पर्यावरण एजेंसी और अन्य संगठनों के विशेषज्ञों व मेहमानों ने किया, जिसमें प्रकृति के लिए कुल 1,224 घंटे का योगदान दिया गया।
पिछले साल की श्रृंखला में क्लाइमेट फ्रेस्क, फूड फॉर थॉट और प्लैनेटरी बाउंड्रीज जैसे सत्र शामिल थे, लेकिन इस साल यूएई की अनूठी जैव विविधता पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस श्रृंखला में दुर्लभ व लुप्तप्राय प्रजातियों, परागणकों, प्रवासी व स्थानीय पक्षियों और रेगिस्तान में रहने वाले जीवों पर प्रकाश डाला जाएगा, जो अपने-अपने प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को स्वस्थ और कार्यात्मक बनाए रखने में अमूल्य भूमिका निभाते हैं।
WAM / संतोष कुमार