शारजाह, 5 जुलाई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- शारजाह टैक्सी ने घोषणा किया कि अब उसके बेड़े में 83 फीसदी हाइब्रिड और पर्यावरण के अनुकूल वाहन हैं, जो ईंधन और बिजली दोनों पर चलते हैं। यह पहल 2027 तक 100 फीसदी पर्यावरण के अनुकूल बेड़े को प्राप्त करने की शारजाह टैक्सी की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है।
पर्यावरण अनुकूल विकल्पों के प्रति यह प्रतिबद्धता, स्थायी समाधान अपनाने और कार्बन उत्सर्जन को कम करने के यूएई के लक्ष्य के अनुरूप है।
शारजाह टैक्सी के महाप्रबंधक खालिद अल-किंदी ने कहा, "स्थायी विकास को प्राप्त करने की हमारी प्रतिबद्धता से प्रेरित होकर, हम शारजाह टैक्सी में अपने बेड़े को विकसित करने और अपडेट करने पर लगातार काम करते हैं। यह प्रयास स्थायी परिवहन समाधानों का सहयोग करता है और इलेक्ट्रिक व हाइब्रिड वाहनों सहित पर्यावरण के अनुकूल विकल्प प्रदान करता है।"
शारजाह टैक्सी अपने यात्रियों को कई तरह की सेवाएँ देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें सिटी टैक्सी सेवाएँ, एयरपोर्ट ट्रांसफर, महिलाओं की टैक्सी, पारिवारिक टैक्सी, लग्जरी लिमोसिन, स्कूल परिवहन (Rafaq), दिव्यांग लोगों के लिए सेवाएँ और पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में सेवा देने वाली टैक्सी शामिल हैं।
शारजाह टैक्सी शारजाह एसेट मैनेजमेंट के अंतर्गत संचालित होती है, जो शारजाह सरकार की निवेश शाखा है।
अनुवाद - पी मिश्र.