अब्दुल्ला बिन जायद ने एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग और काउंटर टेररिज्म फाइनेंसिंग राष्ट्रीय रणनीति की देखरेख करने वाली उच्च समिति की अध्यक्षता की

अबू धाबी, 11 जुलाई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- विदेश मंत्री हिज हाइनेस शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान ने एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग और काउंटर टेररिज्म फाइनेंसिंग राष्ट्रीय रणनीति की देखरेख करने वाली उच्च समिति की 21वीं बैठक की अध्यक्षता की।

हिज हाइनेस ने यूएई को फरवरी 2024 में अपनी ग्रे सूची से हटाने के फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने धन शोधन और आतंकवाद के वित्तपोषण का मुकाबला करने (AML/CTF) के लिए संबंधित यूएई अधिकारियों द्वारा प्राप्त सकारात्मक प्रदर्शन और प्रगति की स्थिरता के महत्व पर भी जोर दिया।

शेख अब्दुल्ला ने इस बात पर जोर दिया कि यूएई वैश्विक वित्तीय प्रणाली की सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निभाता है और उन्होंने वैश्विक स्तर पर वित्तीय अपराध से लड़ने और उभरते जोखिमों से निपटने के लिए रणनीति विकसित करने के अलावा अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने के लिए यूएई की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

इसके अतिरिक्त उन्होंने अपनी वित्तीय प्रणाली की सुरक्षा बनाए रखने, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग व साझेदारी को बढ़ाने और AML/CTF राष्ट्रीय ढांचे को लागू करने और सुधारने के लिए उच्च स्तर की प्रतिबद्धता को बनाए रखने के लिए यूएई के निरंतर प्रयासों की पुष्टि की।

बैठक में 2024-2027 की अवधि के लिए राष्ट्रीय धन शोधन निरोधक और आतंकवाद निरोधक वित्तपोषण रणनीति यानी (AML/CFT) पर चर्चा की गई। उच्च समिति ने यूएई कैबिनेट द्वारा अपनाए जाने के लिए रणनीति को बढ़ाने की सिफारिश को मंजूरी दी।

रणनीति में एक व्यापक पर्यवेक्षी अग्रगामी रूपरेखा शामिल है, जिसका उद्देश्य 2020-2023 की अवधि के दौरान प्राप्त उपलब्धियों को बढ़ाने और विस्तारित करना है। इसमें मनी लॉन्ड्रिंग (ML), आतंकवाद वित्तपोषण (TF) और प्रसार वित्तपोषण (PF) जोखिमों की समझ को गहरा करने, कानूनी व नियामक ढांचे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ संरेखित करने, वित्तीय संस्थानों, नामित गैर-वित्तीय व्यवसायों और वर्चुअल संपत्ति सेवा प्रदाताओं के जोखिम-आधारित पर्यवेक्षण को मजबूत करने सहित कई पहलू शामिल हैं।

हिज हाइनेस ने रणनीति की सफल तैयारी और समन्वय के लिए धन शोधन निरोधक, आतंकवाद वित्तपोषण निरोधक और अवैध संगठनों को वित्तपोषण संबंधी राष्ट्रीय समिति तथा धन शोधन निरोधक और आतंकवाद वित्तपोषण निरोधक कार्यकारी कार्यालय (EO for AML/CFT) को धन्यवाद दिया।

बैठक के दौरान, धन शोधन निरोधक और आतंकवाद वित्तपोषण निरोधक कार्यकारी कार्यालय के महानिदेशक हामिद अल ज़ाबी ने 2024-2027 की अवधि के लिए धन शोधन, आतंकवाद के वित्तपोषण और प्रसार वित्तपोषण से निपटने के लिए यूएई के चल रहे प्रयासों में कई प्रमुख प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।

इन प्राथमिकताओं में सबसे प्रमुख थी उच्च समिति द्वारा अपने दूसरे चक्र में राष्ट्रीय जोखिम मूल्यांकन को अपनाना, जिसे विश्व बैंक की कार्यप्रणाली के अनुसार विकसित किया गया था। प्राथमिकताओं में धन शोधन निरोधक और आतंकवाद वित्तपोषण निरोधक राष्ट्रीय रणनीति में उल्लिखित क्षेत्र-विशिष्ट योजना का प्रभावी कार्यान्वयन भी शामिल है।

बैठक में फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) द्वारा 2025-2027 पारस्परिक मूल्यांकन प्रक्रिया की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। चर्चा की गई तैयारियों में यूएई की AML/CFT प्रणाली की प्रभावशीलता को प्रदर्शित करने के लिए प्रमुख पहलों को शामिल किया गया।

बैठक में वित्तीय मामलों के राज्य मंत्री मोहम्मद बिन हैडी अल हुसैनी, अर्थव्यवस्था मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मैरिज, सामुदायिक विकास मंत्री शम्मा बिन्त सुहैल अल मजरूई, न्याय मंत्री अब्दुल्ला बिन सुल्तान अल नूमी, राज्य मंत्री अहमद अली अल सईघ, यूएई के सेंट्रल बैंक के गवर्नर खालिद बलामा अल तमीमी, दुबई राज्य सुरक्षा के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल तलाल बेलहौल अल फलासी, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सर्वोच्च परिषद के महासचिव अली बिन हम्माद अल शम्सी और दुबई पुलिस के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अब्दुल्ला खलीफा अल मैरिज ने भाग लिया।

अनुवाद - पी मिश्र.