RTA ने दुनिया के पहले 3D-प्रिंटेड एब्रा का परीक्षण संचालन शुरू किया

दुबई, 14 जुलाई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई के सड़क एवं परिवहन प्राधिकरण यानी (RTA) ने निजी क्षेत्र के सहयोग से 3D प्रिंटिंग तकनीक का उपयोग करके निर्मित दुनिया के पहले इलेक्ट्रिक एब्रा का परीक्षण संचालन शुरू किया है।

एब्रा, जो 20 यात्रियों को ले जा सकता है, को पारंपरिक एब्रा पहचान को बनाए रखने के लिए डिजाइन और निर्मित किया गया था। यह पहल दुबई की 3D प्रिंटिंग रणनीति को प्राप्त करने के लिए सरकार के प्रयासों का सहयोग करती है। इसका उद्देश्य एब्रा निर्माण समय को 90 फीसदी तक कम करने, विनिर्माण लागत को 30 फीसदी तक कम करने और संचालन व रखरखाव व्यय को 30 फीसदी तक कम करना है। इसके अतिरिक्त यह समुद्री परिवहन के लिए RTA की पर्यावरणीय स्थिरता रणनीति का सहयोग करता है।

RTA के कार्यकारी निदेशक मंडल के अध्यक्ष महानिदेशक मटर अल टायर ने कहा, "3D प्रिंटिंग तकनीक का उपयोग करके निर्मित इलेक्ट्रिक एब्रा का परीक्षण संचालन, पारंपरिक एब्रा स्टेशन परियोजना के सुधार के साथ समुद्री परिवहन सेवाओं को बढ़ाने के लिए RTA की मास्टर प्लान का हिस्सा है। यह दुबई में एक महत्वपूर्ण गतिशीलता साधन है, जो समुद्री परिवहन क्षेत्र में बहुत अधिक मूल्य जोड़ता है।"

अल टायर ने बताया, नव निर्मित एब्रा में अनेक तकनीकी विशेषताएं हैं, जिनमें 3D प्रिंटिंग प्रौद्योगिकी का उपयोग करके निर्मित सबसे लम्बी मोनोकोक संरचना भी शामिल है, जिसकी लंबाई 11 मीटर और चौड़ाई 3.1 मीटर है। इसमें विद्युत प्रणोदन प्रणाली है, जो दो 10 किलोवाट मोटरों और लिथियम बैटरी द्वारा संचालित होती है। एब्रा का परीक्षण आधार पर TR6 लाइन पर शेख जायद रोड मरीन ट्रांसपोर्ट स्टेशन पर संचालन किया जाएगा। इस परिचालन चरण के दौरान, एब्रा के प्रदर्शन की निगरानी की जाएगी और इसकी तुलना मौजूदा 20-यात्री फाइबरग्लास एब्रा से की जाएगी।"

एब्रा का निर्माण अबू धाबी में अल सीर मरीन कंपनी द्वारा कई वैश्विक कंपनियों के सहयोग से किया गया है, जिनमें जापान की मित्सुबिशी शामिल है, जिसने अब्रा के निर्माण और मुद्रण में प्रयुक्त सामग्री उपलब्ध कराई, जर्मनी की सीमेंस, जिसने प्रिंटर की प्रोग्रामिंग व अंशांकन की देखरेख की और जर्मनी की टॉर्कीडो, जिसने इलेक्ट्रिक मोटर्स की आपूर्ति की। TASNEEF कंपनी ने सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए विनिर्माण प्रक्रिया की देखरेख की।

RTA मौजूदा समय में दुबई क्रीक में पारंपरिक एब्रा स्टेशनों को अपग्रेड करने के लिए एक परियोजना पर काम कर रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य समुद्री परिवहन सेवाओं में सुधार करने, सुरक्षा मानकों को बढ़ाने, दिव्यांग लोगों के लिए दुबई यूनिवर्सल डिजाइन कोड आवश्यकताओं को पूरा करने और पारंपरिक एब्रा स्टेशनों के समग्र स्वरूप को बढ़ाना है। इन स्टेशनों का उपयोग सालाना 14 मिलियन से अधिक यात्री करते हैं।

इस परियोजना में चार पारंपरिक एब्रा स्टेशनों का सुधार शामिल है। फरवरी 2023 में RTA ने बर दुबई मरीन ट्रांसपोर्ट स्टेशन का सुधार पूरा किया और पिछले फरवरी में इसने डेरा ओल्ड सूक स्टेशन का उन्नयन पूरा किया। दुबई ओल्ड सूक स्टेशन और अल सब्खा स्टेशन का सुधार अगस्त 2025 तक पूरा हो जाएगा।

समुद्री परिवहन स्टेशनों के सुधार कार्यों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी फ्लोटिंग डॉक को नए डॉक से बदलने, बेहतर ग्राहक सेवाओं के लिए खुदरा स्थान उपलब्ध कराने, कर्मचारियों व ऑपरेटरों के लिए सुविधाएं और परिवहन एकीकरण को बढ़ाने के लिए बाइक रैक उपलब्ध कराना शामिल था। परियोजना के दायरे में प्राथमिकता वाले बैठने की व्यवस्था के साथ यात्री प्रतीक्षा क्षेत्रों में वृद्धि व सुधार करने और दिव्यांग लोगों के लिए समर्पित स्थान बनाने, डॉकिंग स्थानों को 15 फीसदी चौड़ा करने, प्रतीक्षा क्षेत्रों को 100 फीसदी छायांकित करने और वाणिज्यिक स्थानों को 27 फीसदी चौड़ा करने और दुबई संहिता के अनुपालन में 87 फीसदी की वृद्धि करना शामिल है।

दुबई जल नहर के पूरा होने के बाद से समुद्री परिवहन क्षेत्र में परिवहन साधनों, स्टेशनों और यात्रियों की संख्या में वृद्धि देखी गई है, जो दुबई क्रीक को तटीय क्षेत्र से जोड़ती है। नहर के किनारे शहरी और पर्यटक सुविधाओं के पूरा होने के साथ समुद्री परिवहन स्टेशनों के निर्माण से इस क्षेत्र को और बढ़ावा मिलेगा, जिससे समुद्री परिवहन कई नागरिकों, निवासियों और पर्यटकों के लिए पसंदीदा विकल्प बन जाएगा, ताकि वे दुबई क्रीक, दुबई जल नहर और दुबई समुद्र तटों के सुंदर दृश्यों का आनंद ले सकें।

अनुवाद - पी मिश्र.