अबू धाबी, 16 जुलाई 2024 (डब्ल्यूएएम) -- बुर्जील होल्डिंग्स ने जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 24/7 बुर्जील एयरपोर्ट क्लिनिक शुरू किया है। यह क्लिनिक व्यावसायिक और निवारक देखभाल व स्वास्थ्य जांच प्रदान करता है। यह महिलाओं के लिए ECG सेवाएं, इन्फ्यूजन, इंजेक्शन और परामर्श प्रदान करने के लिए सुसज्जित है।
बुर्जील एयरपोर्ट क्लिनिक का उद्घाटन बुर्जील होल्डिंग्स के संस्थापक और अध्यक्ष डॉ. शमशीर वयालिल, अबू धाबी एयरपोर्ट्स की प्रबंध निदेशक और सीईओ एलेना सोरलिनी, बुर्जील होल्डिंग्स के सीईओ जॉन सुनील और बुर्जील होल्डिंग्स के ग्रुप सीओओ सफीर अहमद की उपस्थिति में किया गया।
सोरलिनी ने कहा, "हमारे कर्मचारियों और यात्रियों दोनों का स्वास्थ्य और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमें इस अत्याधुनिक क्लिनिक को खोलने के लिए बुर्जील होल्डिंग्स के साथ साझेदारी करने पर गर्व है, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि हर किसी को जब भी आवश्यकता हो, विशेषज्ञ चिकित्सा देखभाल तक पहुंच हो और साथ ही हम अपनी पेशकशों को और बेहतर बनाएंगे तथा जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सभी के लिए सुरक्षित वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करेंगे।”
सुनील ने कहा, "हमारा लक्ष्य एयरपोर्ट पर सभी को बेहतरीन चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है। दुनिया भर के यात्रियों की सेवा करके हम यूएई द्वारा प्रदान किए जाने वाले विश्व स्तरीय उपचार विकल्पों को उजागर करते हैं और अबू धाबी की चिकित्सा पर्यटन महत्वाकांक्षाओं का सहयोग करते हैं।"
क्लिनिक टीकाकरण सहायता प्रदान करता है, जिससे यात्रियों और एयरपोर्ट के कर्मचारियों को विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रहने में मदद मिलती है। यह भी सुनिश्चित करेगा कि मेहमानों को एयरपोर्ट से बाहर निकले बिना स्वास्थ्य सेवा तक तत्काल पहुंच मिले, जिससे सुरक्षा अधिकतम हो और उपचार चाहने वालों के लिए संभावित यात्रा व्यवधान कम से कम हो।
यह क्लिनिक एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सेवाएं प्रदान करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि उनके रुकने के दौरान उनकी स्वास्थ्य देखभाल संबंधी आवश्यकताएं पूरी हों।
अनुवाद - पी मिश्र.